मेहुल चोकसी को भारत लाने में हो सकती है देरी, प्रत्यर्पण पर फंसा पेच

 नई दिल्ली 
पीएनबी घोटाले के आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत लाने का इंतजार थोड़ा लंबा हो सकता है क्योंकि मेहुल के निर्वासन या प्रत्यर्पण का मामला डोमिनिका में कानूनी पचड़ों में फंस गया है। सूत्रों का कहना है कि भारतीय अधिकारी घटनाक्रम पर कड़ी नजर रख रहे हैं और अगले हफ्ते एक वरिष्ठ अधिकारी डोमिनिका का दौरा कर प्रत्यर्पण की संभावनाओं का पता लगा सकते हैं। इस बीच गिरफ्तारी के बाद मेहुल चोकसी की पहली फोटो सार्वजनिक हुई है।

रिपोर्टों के अनुसार, त्रिनिदाद और टोबैगो में स्थित भारतीय उच्चायुक्त अरुण कुमार साहू, मेहुल चोकसी के निर्वासन या भारत प्रत्यर्पण की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए अगले हफ्ते डोमिनिका की यात्रा करने के लिए तैयार हैं। साहू पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखे हुए हैं और भारत में कई अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी मेहुल चोकसी को निर्वासित करने का तरीका खोजने की कोशिश कर रहे हैं। हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को डोमिनिका में हिरासत में ले लिया गया है। वहां की अदालत ने भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को अगले आदेश तक कैरिबियाई द्वीपीय देश से कहीं और भेजने पर रोक लगा दी है। चोकसी को डोमिनिका में अवैध रूप से प्रवेश’करने पर हिरासत में लिया गया था। अदालत ने चोकसी के वकीलों की ओर से दायर याचिका पर यह आदेश दिया है। 

मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने बताया कि कानून टीम ने डोमिनिका की अदालत में मेहुल चोकसी के लिए बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की है। यह भी बताया गया कि मेहुल चोकसी तक पहुंच नहीं दी जा रही है और कानूनी सहायता के संवैधानिक अधिकार से भी वंचित किया जा रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *