लखनऊ में ब्लैक फंगस का बढ़ रहा कहर, पांच और मरीजों की मौत
लखनऊ
ब्लैक फंगस का प्रकोप थम नहीं रहा है। राजधानी के सरकरी अस्पतालों में शुक्रवार को 13 नए मरीज भर्ती किए गए। केजीएमयू में पांच मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक राजधानी के अस्पतालों में ब्लैक फंगस के 303 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। इलाज के दौरान 31 मरीज दम तोड़ चुके हैं। केजीएमयू में 24 घंटे के दौरान ब्लैक फंगस के आठ मरीज भर्ती किए गए हैं। अब तक 194 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह के मुताबिक ब्लैक फंगस के 13 मरीजों का ऑपरेशन किया गया है। इसमें ईएनटी विभाग व नेत्र रोग विभाग के डॉक्टरों ने ऑपरेशन किए हैं। ऑपरेशन के बाद मरीजों की तबीयत स्थिर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि कानपुर के दो मरीजों ने दम तोड़ा। इसमें 57 व 30 वर्षीय पुरुषों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। लखीमपुर खीरी निवासी 40 वर्षीय पुरुष व 57 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पीजीआई में चार मरीज भर्ती किए गए। यहां कुल 38 मरीज भर्ती हैं। लोहिया में एक मरीज भर्ती कराया गया है। लोहिया में अब तक 26 मरीज भर्ती कराए जा चुके हैं। पीजीआई से एक मरीज ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया।
