टीकाकरण पर टीका टिप्पणी से बिफरे मंत्री लखमा
रायपुर। आमतौर पर कम बयानबाजी करने वाले सीधे व सरल मंत्री कवासी लखमा ने टीकाकरण व वैक्सीन की उपलब्धता के बीच केन्द्र सरकार पर तीखा प्रहार किया है। राज्य में वैक्सीन की कमी पर आबकारी मंत्री लखमा ने यह बयान दिया है। मंत्री के मुताबिक प्रदेश में 18 से 44 साल के वैक्सीनेशन के लिए 45 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। लेकिन राज्य में टीके की उपलब्धता नहीं के बराबर है। मंत्री ने प्रदेश के भाजपा नेताओं को नसीहत दी है कि राजनीति करना छोड़ प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर वैक्सीन की मांग करें। कवासी ने आगे कहा है कि प्रदेश के नौजवानों की उम्मीद पर पानी फेरा जा रहा है। लोग टीका लगाने को तैयार है पर हमारे पास टीका नहीं है। इस मामले पर तो सभी जनप्रतिनिधियों को आगे आकर पहल करनी चाहिए। क्या आप नहीं चाहते कि आपकी जनता सुरक्षित रहे। सवाल राज्य या केन्द्र सरकार का नहीं है सिर्फ एक ही मकसद हो कि सभी को टीका लग सके और बस इसी के लिए प्रयास करें।
