कालाबाजारियों ने मायागंज अस्पताल से 30 ऑक्सीजन सिलेंडर उड़ाए

 भागलपुर 
हाल के दिनों तक मायागंज अस्पताल में भर्ती हर दूसरे मरीज को ऑक्सीजन चढ़ रही थी। अस्पताल से बाहर शहर में ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत इतनी थी कि आठ हजार में बिकने वाले खाली सिलेंडर का किराया भी जमाखोर 10 से 12 हजार रुपये प्रतिदिन की दर से वसूल रहे थे। ऐसे वक्त में मायागंज अस्पताल में रखे 30 सिलेंडर गायब हो गये। अस्पताल में चर्चा है कि अस्पताल में तैनात कुछ कर्मियों ने बाहर ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों को इन सिलेंडरों को बेच दिया है। एक अनुमान के मुताबिक, एक ऑक्सीजन सिलेंडर की कीमत बाजार में आठ हजार रुपये है। इस तरह करीब 2.40 लाख रुपये का ऑक्सीजन सिलेंडर गायब हुआ है।

10 अप्रैल के बाद जब जिले में कोरोना के मामले बढ़ने लगे तो मायागंज अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में भी वृद्धि होने लगी। 15 अप्रैल के बाद तो एमसीएच वार्ड लगभग पूरी तरह से फुल होने लगा था। बताया जाता है कि वार्ड में भर्ती हर दूसरे मरीज को ऑक्सीजन चढ़ाने की व हटाने की आपाधापी के बीच सिलेंडर पर नजर गड़ाए लोगों ने चोरी-चोरी उड़ाना शुरू कर दिया। करीब एक माह के अंदर ही वार्ड में रखे 30 सिलेंडर गायब मिले। बताया जाता है कि एक सप्ताह पहले ही इस मामले का खुलासा हुआ तो अस्पताल के जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया। इसे लेकर मायागंज अस्पताल के सभी विभागों में तैनात सिस्टर इनचार्ज संग हुई बैठक में कहा गया कि वे अपने-अपने विभाग को मिले ऑक्सीजन सिलेंडर व मौजूदा सिलेंडर की संख्या का मिलान कर लें, ताकि कितने ऑक्सीजन सिलेंडर गायब हुए, इसका पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *