रिमझिम से शुरुआत, आज तेज बारिश का अलर्ट

 गोरखपुर। 
चक्रवाती तूफान यास का असर शुक्रवार को महानगर के मौसम पर दिखेगा। सुबह करीब 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। इस दौरान भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है। यास से पहले ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गुरुवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। रुक-रुक कर बारिश होती रही। गुरुवार को 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान दिन का तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह बुधवार के मुकाबले 5.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
 
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को बंगाल और ओडिशा के तट से टकराने वाला चक्रवाती तूफान यास का असर शुक्रवार को पूर्वी यूपी पर दिखेगा। यह तूफान धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। हवा की रफ्तार कम हो रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक शुक्रवार को पूर्वी यूपी से यास गुजरेगा। शुक्रवार को 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इस दौरान मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है।
 
मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि चक्रवात से पहले कम दबाव का क्षेत्र पूर्वी यूपी में बना हुआ है। इसकी वजह से ऊपरी वातावरण में चक्रवाती हवाएं चल रही हैं। इस वजह से बुधवार से ही आसमान में हल्के बादल छा गए। गुरुवार को तड़के से ही बूंदाबांदी शुरू हुई। रुक रुक कर हल्की बारिश हो रही है। मौसम बेहद सुहाना हो गया है। गुरुवार को 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हवा में अधिकतम नमी 96 फीसदी व न्यूनतम 75 फीसदी रही। न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *