बालिका गृह से भागी बच्ची की बहन से पूछताछ, नहीं चला पता
भागलपुर
जीरोमाइल थाना क्षेत्र में स्थित बालिका गृह से भागी बच्ची का पता नहीं चल सका है। 25 मई को बालिका गृह के छत से कूदकर उसके भाग जाने की बात संचालकों ने पुलिस को बताई थी। उसकी खोज की जा रही है पर उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस को पता चला कि उसकी बहन शाहजंगी में रहती है। पुलिस उसके पास भी पूछताछ के लिए पहुंची। उसकी बड़ी बहन ने बताया कि वह उसके पास ही रहती थी पर किसी बात को लेकर नाराज होने के बाद उसकी छोटी बहन चली गयी थी। बालिका गृह से भागने के बाद वह अपनी बहन के यहां भी नहीं पहुंची है। शाहजंगी में रहने वाली उसकी बहन ने पुलिस को बताया कि उसके माता पिता दिल्ली में रहते हैं। हो सकता है कि वह किसी ट्रेन से वहां चली गयी हो। जीरोमाइल थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल पुलिस उसे खोजने की कोशिश कर रही है।
