आयतु को अस्पताल में छोड़कर लौट रहे तीन नक्सली गिरफ्तार

रायपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सली की तेलंगाना में मौत हो गई है. दरअसल, यह नक्सली कोरोना संक्रमित था. इसका इलाज करवाने इसके साथी इसे लेकर तेलंगाना गए थे. वहीं इलाज के दौरान इसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह नक्सली हिड़मा की टेक्निकल टीम में शामिल था. इसके 3 अन्य साथी गिरफ्तार कर लिए गए हैं. कोरोना से जिस नक्सली की मौत हुई है उसकी पहचान आयतु के रूप में की गई.

बताया जाता है कि छत्तीसगढ़ के दंडकारण्य के जंगल में सक्रिय में नक्सलियों की बटालियन नंबर 1 का बड़ा नक्सली था आयतु. इसके तीन साथी इसे लेकर इलाज के लिए आज ही तेलंगाना गए थे, पर इलाज के दौरान नक्सली आयतु की मौत हो गई. इधर, आयतु को अस्पताल छोड़कर लौट रहे तीनों नक्सलियों को तेलंगाना की भद्रादि कोठागुडेम पुलिस ने आईईडी विस्फोटक के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

गिरफ्तार तीनों माओवादी नक्सली आयतु को तेलंगाना के एक सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गए थे और उसे छोड़कर लौट रहे थे. इसी दौरान पुलिस चेकिंग में इन माओवादियों की गाड़ी से आईईडी विस्फोटक बरामद हुआ और इस घटना का खुलासा हुआ. कोरोना से मृत हुआ नक्सली बीजापुर के सिलगेर इलाके में हिड़मा की बटालियन नंबर एक में तैनात था. वहीं पकड़े गए तीनों नक्सली सोढ़ी सितैया, कुंजा जोगेर और सवलम बुज्जी भी छत्तीसगढ़ के बीजापुर के रहनेवाले हैं. नक्सली आयतु हिड़मा की टेक्निकल टीम में तैनात था और हिड़मा का काफी करीबी था. आयतु को विस्फोटक बनाने में महारत हासिल थी और इसलिए उसकी तबीयत खराब होने के बाद उसे तेलंगाना इलाज के लिए भेजा गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *