शहरों के प्रवेश मार्गों पर चेकिंग पाईंट और रोको-टोको अभियान सतत रूप से संचालित करें- राज्य मंत्री परमार

भोपाल

स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) और सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि जिन गाँवों में संक्रमण ज्यादा है, वहाँ पुन: सर्वे करायें, साथ ही सर्वे दल में चिकित्सक को भी रखें। शहरों के प्रवेश मार्गों पर चेकिंग पाईंट भी चालू रखें तथा आने-जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ करें। रोको-टोको अभियान सतत रूप से संचालित रहे। बैंको में, विशेष तौर पर जिला सहकारी बैंक में ग्रामीणजनों की बढ़ती भीड़ की रोकथाम के लिए उपाय करने के निर्देश भी राज्य मंत्री परमार ने शाजापुर में कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिये लगाये गये कोरोना कर्फ्यू को हटाकर अनलॉक प्रक्रिया तय करने के लिए आज संकट प्रबंधन समूह की बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिये। बैठक में सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, कालापीपल विधायक कुणाल चौधरी, कलेक्टर दिनेश जैन, पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती मिशा सिंह, संकट प्रबंधन समूह के सदस्य और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

परमार ने सहकारी बैंक के सीईओ रायकवार को निर्देश दिये कि बैंको के उपभोक्ताओं को एटीएम कार्ड जारी करें, ताकि वे राशि निकालने के लिए बैंकों में नहीं आयें। साथ ही शहर की सोमवारिया बाजार स्थित शाखा को लालघाटी स्थित भूमि विकास बैंक के भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया एक जून-2021 तक पूरी करें। परमार ने स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए शाजापुर जिले को आत्म-निर्भर बनाने के लिये व्यापक व्यवस्थाएँ करने पर बल दिया। परमार ने जिले की सभी 17 स्वास्थ्य संस्थाओं में ऑक्सीजनयुक्त बिस्तरों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नवीन भर्ती में जिले को चिकित्सक मिलेंगे, इन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैनात करें।

सांसद सोलंकी ने कहा कि टेस्टिंग बढ़ाकर संक्रमित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें होम क्वारेंटाइन करें, इससे ही संक्रमण की चेन टूटेगी। कोविड कल्याण योजनाओं का लाभ जरूरतमंद को मिले, इसके लिए प्रशासन व्यवस्था करे। दुकानें खोलने एवं बंद होने के समय का निर्धारण कर उसका पालन भी करवायें।

बैठक में कोरोना कर्फ्यू के उपरांत अनलॉक की प्रक्रिया तय करने पर विशेष चर्चा हुई। जिन क्षेत्रों में ज्यादा संक्रमित मरीज हैं, वहाँ माइक्रो कंटेनमेंट क्षेत्र बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही बाजार खोलने, होटल रेस्टोरेंट आदि से केवल पार्सल सुविधा शुरू करने, दुकानदारों एवं ग्राहकों के नियंत्रण के लिये नियम तय करने, बगैर मास्क के घूमने वालों पर चालान करने, थोक सब्जी मंडी को खुली जगह पर स्थानांतरित करने, अनलॉक के दौरान शादी आदि के सामाजिक समारोह आयोजित नहीं होने देने तथा दुकानों के खोलने एवं बंद करने के लिए समय निर्धारण पर चर्चा हुई। बैठक में संक्रमण की तीसरी वेव आने के पहले की तैयारी करने पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *