यास तूफान के चलते कल से आज सुबह तक बंद रहा पटना एयरपोर्ट,
पटना
तूफान यास के कारण पटना एयरपोर्ट को 14 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। गुरुवार रात पौने सात बजे अचानक दृश्यता कम होने की वजह से पहले इसे रात 10 बजे तक के लिए बंद किया गया। फिर रात पौने 10 बजे फिर से रनवे पर दृश्यता की जांच के बाद मौसम विभाग से बारिश के मिले इनपुट के बाद रनवे को यात्री विमानों के लिए शुक्रवार सुबह नौ बजे तक के लिए बंद कर दिया गया। इस कारण चार विमानों को रद्द करना पड़ा।
उधर दरभंगा एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने से विमानों की आवाजाही रोकनी पड़ी। इस कारण मुंबई से आ रहे स्पाइसजेट के विमान (एसजी 944) को वाराणसी डायवर्ट किया गया। इसमें एक बच्चा सहित 105 यात्री सवार थे। दरभंगा एयरपोर्ट के ऊपर कई बार चक्कर काटने के बाद जब ईंधन समाप्त होने लगा तो उसे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान को उतारा गया।
पटना एयरपोर्ट निदेशक भूपेश नेगी ने बताया कि इस दौरान चार विमानों को रद्द करना पड़ा। शुक्रवार की सुबह मौसम की स्थिति को देखते हुए विमानों के ऑपरेशन का निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान रनवे की फिसलन, हवा की स्थिति और दृश्यता के साथ साथ संभावित मौसम को भी आधार बनाया जाएगा। इससे पहले गुरुवार को इस बीच एयरपोर्ट के बंद होने से चार जोड़ी विमानों का परिचालन रद्द करना पड़ा। दिल्ली से पटना आने वाली विस्तारा के विमान यूके 714-715 को पटना एयरपोर्ट पर उतरने के पहले ही इसे रास्ते से वापस कर दिया गया। यात्रियों से भरा यह विमान दिल्ली वापस लौट गया। अचानक इन विमानों के परिचालन पर रोक लगाने से दिल्ली व बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
