इंदौर के कंटेनमेंट एरिया में पहुंचे कलेक्टर

इंदौर। कलेक्टर मनीष सिंह स्कीम 74 और राज मोहल्ला में कंटेनमेंट जोन देखने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने शिकायत करते हुए कहा ऐसी बेरिकेडिंग की गई है कि दूध और पानी के टैंकर भी नहीं आ पा रहे हैं। दवाइयां लेने के लिए भी जाना मुश्किल है। ऐसे में दूसरे रहवासी कैसे जीवन यापन कर सकेंगे। इस पर कलेक्टर ने तत्काल अधिकारियों को निर्देशित किया कि बेरिकेड्स मूवेबल लगवाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को केंटेनमेंट क्षेत्र के लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, दूध, मेडिसिन व अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाने को कहा। इस दौरान उन्होंने बताया कि कंटेनमेंट एरिया में सक्रमण दर काफी तेजी से कम हो रही है। कलेक्टर, डीआईजी, आयुक्त ने गुरुवार को विजय नगर चौराहे से निरीक्षण शुरू किया। विजयनगर, एमआर -10 रोड होते हुए बापट चौराहा, सुखलिया स्थित स्कीम नंबर – 70 की कॉलोनी में संक्रमित परिवार के सदस्यों से मिलने पहुंचे। यहां से वे बापट चौराहा होते हुए सुभाष नगर, नंदानगर में बनाए गए केंटेनमेंट एरिया में पहुंचे। सुभाष नगर के पास सर्वहारा नगर में संक्रमित परिवार से पूछा कोई परेशानी तो नहीं। उन्होंने वहां पर वैक्सीनेशन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने यहां पर अधिकारियों से कहा कि इन लोगों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। गेट पर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए। यहां से सभी परदेशीपुरा, सर्वहारा नगर, नंदानगर, सुभाष नगर, भंडारी ब्रिज, जेल रोड, राजवाड़ा, खजूरी बाजार, एमजी रोड, मल्हारगंज, टोरी कॉर्नर, बड़ा गणपति, रामचंद्र नगर चौराहा, वीआईपी रोड, शिक्षक नगर, कॉलोनी नगर, सुखदेव नगर, एरोड्रम थाना के पीछे, सुखदेव नगर, सोमानी नगर, अशोक नगर, किला मैदान रोड, 15वीं बटालियन चौराहा, मरीमाता चौराहा, पोलो ग्राउंड रोड, नारायण बाग एवं अन्य क्षेत्रों में पहुंचे।

कलेक्टर बोले – संक्रमण दर हो रही कम
कलेक्टर ने बताया कि कंटेनमेंट क्षेत्र में जिला प्रशासन एवं निगम प्रशासन की टीम द्वारा लगातार संक्रमित क्षेत्रों का वार्ड स्तरीय संकट प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के दौरान अधिकांश संक्रमित क्षेत्रों एवं कंटेनमेंट क्षेत्र में रहवासियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ रही है और संक्रमण की दर भी कम हो रही है। डीआईजी मनीष कपूरिया ने कहा कि शहर में कोरोना कर्फ्यू के दौरान प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए जनता को प्रेरित किया जा रहा है। जनता सहयोग भी कर रही है। यही कारण है कि संक्रमण को रोकने में काफी मदद मिली है। जितना हो सके लोग अपने घर में सुरक्षित रहें।

आयुक्त प्रतिभा पाल ने बताया कि पीएचई के अधिकारियों को कंटेनमेंट एरिया में पानी की कोई समस्या ना हो इसके लिए कहा गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिदिन ऐसे क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहवासियों से चर्चा करें। इसके साथ ही किसी भी क्षेत्र में पानी की शिकायत पर तुरंत समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त द्वारा समस्त जोनल अधिकारी, सीएसआई, सहायक राजस्व अधिकारी, पीएचई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह कंटेनमेंट एरिया में रहवासियों से संपर्क में रहें। किसी भी प्रकार की कोई असुविधा होने पर समस्या का तत्काल निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *