बिहार में चमकी बुखार से प्रभावित क्षेत्रों के पीड़ितों को जल्द मिलेगा आवास: सीएम नीतीश

पटना 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पिछले वर्ष चमकी बुखार (एईएस) प्रभावित मुजफ्फरपुर के पांच प्रखंडों में सोशियो इकोनमिक सर्वे के आधार पर जो कार्य किये गये थे, उसे इससे प्रभावित सभी जिलों में क्रियान्वित करें। प्रभावित क्षेत्रों में योग्य सभी लाभुकों का प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना से आवास शीघ्र बनाएं, ताकि उनके बच्चे इस बीमारी से सुरक्षित रह सकें। 

मुख्यमंत्री ने बुधवार को एक अणे मार्ग स्थित संवाद में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से एईएस, जेई, हीटवेव तथा कालाजार को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और कई निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि एईएस से प्रभावित जिलों में प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज की सुदृढ़ व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही लोगों को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दें। परिवारों को बताएं कि कोई भी बच्चा रात में भूखा न सोए। इस बीमारी के कुछ भी लक्षण दिखे तो जल्द अस्पताल जाएं, ताकि समय पर इलाज हो सके। सतत् जीविकोपार्जन योजना का लाभ भी इन प्रभावित क्षेत्र के लोगों को अवश्य दिलाएं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सभी प्रभावित लोगों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाएं। इसके लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जापानी इंसेफ्लाइटिस के लिए बचे तीन जिलों कैमूर, खगड़िया एवं बेगूसराय में वैक्सीनेशन कार्य तेजी से पूर्ण करें। 
 
जिले अलर्ट पर रहें 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हीट वेव से प्रभावित होने वाले जिले पूरी तरह अलर्ट पर रहें। अस्पतालों में हीट वेब से प्रभावित लोगों के इलाज के लिए चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ रखें। हीट वेव से बचाव के लिए भी लोगों को जागरूक करते रहें। कालाजार उन्मूलन के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। कालाजार मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *