यूपी के मंत्री नए विवाद में घिरे
नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी अब एक नए विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। अब उन पर महंगी जमीन को बेहद कम दाम में खरीदने के आरोप लग रहे हैं। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि डॉ. सतीश द्विवेदी ने सवा करोड़ की जमीन महज 20 लाख रुपए में खरीदी है। सपा नेता सुनील कुमार यादव और आप सांसद संजय सिंह ने शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी को आड़े हाथ लिया है। इन्होंने ट्विटर पर चार रजिस्ट्री की फोटो शेयर कर दावा किया है कि जमीन की रजिस्ट्री सतीश द्विवेदी और उनकी मां के नाम पर है। उनका आरोपा है कि जमीन मार्केट रेट से कम दाम पर खरीदी गई है।
सुनील कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि सतीश द्विवेदी ने अपने और अपनी मां के नाम पर महंगी जमीनों को बेहद कम कीमत पर खरीदा। उनका आरोप है कि एक जमीन की कीमत 65.45 लाख रुपए थी, जिसे 12 लाख रुपए में खरीदा गया है। वहीं, एक जमीन की मार्केट वैल्यू 1.26 करोड़ रुपए थी जिसे महज 20 लाख रुपए में खरीद लिया गया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "गरीब का हक मार कर EWS कोटे के तहत अपने भाई की फर्जी नियुक्ति कराने वाले सीएम योगी आदित्यनाथ जी के ईमानदार बेसिक शिक्षा मंत्री जी, करोड़ों की जमीन 20 लाख में बैनामा कराने का भी हुनर रखते हैं। अब समझ में आ रहा है कि भाई ने इस्तीफा क्यों दिया! योगीजी आपके मंत्री कब इस्तीफा देंगे?"
