चिकित्सा उपकरणों पर जीएसटी में कमी संभव 

नई दिल्ली। 
इस महीने यानी 28 मई को होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक में सैनेटाइजर, आइस बैग और मेडिकल वेस्ट डिस्पोजेबल बैग समेत 40 उत्पादों पर जीएसटी की दरें 18 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी करने का ऐलान हो सकता है। कारोबारियों ने सरकार ने इन उत्पादों पर जीएसटी घटाकर जीरो न करने की मांग की है।  जानकारी के मुताबिक सरकार इन मांगों पर विचार करते हुए जीएसटी काउंसिल की बैठक में चर्चा के बाद बड़ा फैसला ले सकती है। ये बैठक शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होनी है। बैठक से पहले ही एसोसिएशन ऑफ इंडियन मेडिकल डिवाइस इंडस्ट्री ने सरकार को चिट्ठी लिखकर अपनी मांगों की लिस्ट सौंपी है। जानकारी के मुताबिक इस लिस्ट में 40 आइटम का जिक्र किया गया है। उद्योग जगत की मांग है कि इन सभी पर सरकार जीएसटी 18 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी कर दे। इन उत्पादों में थर्मामीटर, बेड, एक्स-रे ट्यू्ब्स, पीपीई किट भी शामिल हैं।
 
एसोसिएशन के कोऑर्डिनेटर राजीव नाथ ने बताया कि ये सभी उत्पाद लग्जरी श्रेणी में नहीं आते हैं ऐसे में सरकार को इन पर टैक्स घटा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इन उत्पादों पर जीएसटी शून्य कतई नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि इससे उत्पादकों को कच्चे माल पर चुकाए गए जीएसटी का इनपुट टैक्स क्रेडिट नहीं मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *