दिल्ली का पहला ड्राइव-इन वैक्सीनेशन सेंटर आज से शुरू होगा
नई दिल्ली
दिल्ली में राज्य का पहला ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटर 26 मई से शुरू होने जा रहा है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली में ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन सेंटर की शुरुआत करेंगे। बुधवार को आकाश हेल्थकेयर के सहयोग से द्वारका के वेगास मॉल में इसकी शुरुआत की जाएगी। लोग अपनी गाड़ी में ही रहेंगे और हेल्थ वर्कर्स उनको वैक्सीन लगा देंगे। पूरी प्रक्रिया के दौरान लोगों को अपनी गाड़ी से बाहर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
गुरुग्राम और नोएडा में वैक्सीनेशन का यह तरीका काफी पसंद किया गया है। साउथ-वेस्ट जिले के डीएम नवीन अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम की सफलता के बाद आगे भी इस तरह के प्रयास किए जाएंगे। इस प्रक्रिया में लोगों को भीड़ के बीच जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए वे वैक्सीन ले सकते हैं। यह वैक्सीन दिव्यांगों के अलावा कई ऐसे लोगों के लिए बेहद उपयुक्त है जो कई वजहों से वैक्सीनेशन सेंटर आने में हिचक रहे हैं।
