बायसी आगजनी व हत्याकांड: डिप्टी सीएम ने DGP से की बात, कहा- आरोपियों की जल्द हो गिरफ्तारी
पटना
उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने पूर्णिया के बायसी प्रखंड के खपड़ा पंचायत स्थित नियामतपुर मझुआ गांव में अवांछित तत्वों द्वारा की गई आगजनी व हत्या की निंदा की है। उन्होंने डीजीपी, पूर्णिया के आईजी, डीएम व एसपी से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली। 19 मई को घटित उक्त घटना में एक सेवानिवृत्त चौकीदार मेवालाल राय की घातक हथियारों द्वारा हत्या एवं 13 घरों को जलाने से संबंधित तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज हुई है व अब तक दो नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।
उन्होंने कहा कि जिम्मेवार अन्य नामजदों की शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। जिला प्रशासन के अनुसार सभी 13 पीड़ित परिवारों को सूखा राशन की आपूर्ति करते हुए अनुग्रह अनुदान की राशि मुहैया करायी गयी है। प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत एससी/ एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मृतक सेवानिवृत्त चौकीदार मेवालाल राय के आश्रित को 4,12,500 रुपए मुआवजा राशि प्रथम किस्त के रूप में भुगतान की कार्रवाई की गई है। प्रभावित 13 परिवारों में से 7 परिवारों को पूर्व में वास भूमि उपलब्ध कराया गया था। शेष 6 परिवारों को आवास हेतु जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जिला प्रशासन, पूर्णिया के स्तर से की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा सभी पीड़ित व्यक्तियों को भोजन, योग्य लाभुकों को पेंशन योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभान्वित करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पीड़ित परिवारों के बीच मई 2021 का मुफ्त खाद्यान्न भी प्रावधान के अंतर्गत वितरित किया गया है तथा उन सभी के स्वास्थ्य जांच एवं इलाज हेतु मेडिकल कैंप लगाया गया है। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि घटना के सभी नामजद अभियुक्तों का शीघ्र स्पीडी ट्रायल कराते हुए पीड़ित परिवारों के सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
