जून से शुरू हो सकता है कोवैक्सिन का ट्रायल 2 से 18 साल के बच्चों पर
हैदराबाद
हैदराबाद स्थित वैक्सीन निर्माता कंपनी भारत बायोटेक ने कहा है कि वह जून से कोविड -19 वैक्सीन कोवैक्सिन का बच्चों पर ट्रायल शुरू कर सकता है। भारत बायोटेक के बिजनेस डेवलपमेंट एंड इंटरनेशनल एडवोकेसी हेड डॉ. राचेस एला ने रविवार (23 मई) को कहा कि हम जून से अपने वैक्सीन कोवैक्सिन का बाल चिकित्सा परीक्षण शुरू कर सकते हैं। हाल ही में ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने 2 से 18 आयुवर्ग के बच्चों पर क्लिनिकल ट्रायल करने की मंजूरी दी है। डॉ. राचेस एला ने कहा है कि बच्चों पर कोवैक्सिन का क्लिनिकल ट्रायल हम 01 जून से शुरू कर सकते हैं।
हैदराबाद में फिक्की लेडीज ऑर्गनाइजेशन (एफएलओ) की बैठक में ऑनलाइन बोलते हुए डॉ. राचेस एला ने भरोसा दिलाया है कि बच्चों के लिए वैक्सीन का लाइसेंस इस साल की तीसरी लहर में मिल सकता है। उन्होंने ये भी कहा है कि कोवैक्सिन को साल की तीसरी या चौथी तिमाही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) से मंजूरी भी मिल जाएगी, इस दिशा में बहुत जल्दी से काम किया जा रहा है। बता दें कि कोरोना तीसरी लहर को लेकर डॉक्टरों ने चेताया है कि इससे सबसे ज्यादा प्रभावित बच्चे होने वाले हैं। ऐसे में बच्चों को वैक्सीनेट करना भी बहुत जरूरी है।
डॉ. राचेस एला ने कहा कि खुशी है कि हमारी मेहनत रंग ला रही है और वैक्सीन अच्छी तरह से काम कर रही है और लोगों की जान बचा रही है। जब हम हर दिन काम से घर वापस जाते हैं तो हमें यह अच्छा अहसास होता है। हम जल्द ही इस साल के अंत तक अपनी विनिर्माण क्षमता को 700 मिलियन खुराक तक बढ़ाएंगे।
डॉ. राचेस एला ने कहा, हमें सरकार का पूरा समर्थन मिलने की खुशी है जिसके कारण हम इस यात्रा में आज जहां हैं, वहां खड़े होने में सक्षम हैं। वैक्सीन हमारे और आईसीएमआर द्वारा सह-विकसित है। सरकार ने 1,500 करोड़ रुपये का के खरीद आदेश दिया है। इससे हमें अपनी जोखिम उठाने की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसलिए हम बंगलुरु और गुजरात में अपनी कंपनी का विस्तार कर रहे हैं।
