‘उस फोन में मेरी मां से जुड़ी यादें हैं, प्लीज लौटा दें’ 

बेंगलुरू
कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश में ना जाने कितने लोगों से उनके अपनों को छीन लिया है। किसी के सिर से उसके पिता का साया उठ गया… किसी मां की गोद सूनी हो गई, तो किसी का अजीज दोस्त इस कोरोना ने छीन लिया। हालात इस कदर मायूसी भरे हैं कि किसी अपने का फोन आने पर भी मन कई तरह की आशंकाओं और डर से भर जाता है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक 9 साल की बच्ची का खुला खत वायरल हो रहा है। बच्ची की कहानी कुछ ऐसी है कि सुनकर शायद आपकी आंखें भी नम हो जाएं।  मामला कर्नाटक के कोडागु जिले का है, जहां 9 साल की बच्ची ऋतिकशा ने सोशल मीडिया के जरिए एक खुला खत लिखकर अपनी मां का मोबाइल फोन खोजने की अपील की है। 

दरअसल ऋतिकशा का पूरा परिवार कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया था और मां की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीते 16 मई को ऋतिकशा की मां का कोरोना वायरस से निधन हो गया और अस्पताल में किसी ने उनका मोबाइल फोन गायब कर दिया। बच्ची ने अपनी चिट्टी में क्या लिखा कोडागु के कुशलनगर में रहने वाली ऋतिकशा ने जिले के डीसीपी, स्थानीय विधायक और अस्पताल के स्टाफ के नाम लिखे अपने खत में कहा है, 'बीते दिनों मेरे पिता, मेरी मां और मैं खुद कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थी। मां की तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें इलाज के लिए मेडिकेरी कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। मैं और मेरे पिता होम क्वारंटाइन में थे, इसलिए उस वक्त घर से कहीं बाहर नहीं जा सकते थे। 

मेरे पिता एक दिहाड़ी मजदूर हैं और इस वक्त पड़ोसियों की मदद से हमारा गुजारा चल रहा है।' 'उस मोबाइल में मेरी मां से जुड़ी कई यादे हैं' ऋतिकशा ने अपनी चिट्ठी में आगे लिखा, '16 मई को मेरी मां का निधन हो गया और वो हमें छोड़कर चली गईं। इस दौरान मेरी मां के पास जो मोबाइल फोन था, वो किसी ने ले लिया। मैंने अपनी मां को खो दिया है और उनके बिना अनाथ हो गई हूं। उस मोबाइल फोन में मेरी मां से जुड़ी कई यादे हैं। मैं विनती करती हूं कि जिस किसी के भी पास वो मोबाइल है, या उसे मिला है, प्लीज वो फोन मुझे लौटा दें।' 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *