भीड़ लगाकर चढाई जा रही थी ड्रिप,छापा मारकर किया क्लीनिक सील
करैरा। करैरा के ग्राम आमोलपठा में स्वास्थ्य विभाग सहित पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा एक फर्जी डॉक्टर के क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान डॉक्टर की क्लीनिक में 5 मरीजों को ड्रिप चढ़ाई जा रही थी। साथ ही बड़ी मात्रा में दवाइयां ड्रिप के कट्टे जब्त किए हैं। साथ ही टीम द्वारा क्लीनिक को सील कर दिया है। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि गांव में संचालित गरिमा चिकित्सालय के संचालक आशीष जैन द्वारा अपने क्लीनिक पर भीड़ लगा कर मरीजों का इलाज किया जा रहा है। बल्कि भर्ती कर ड्रिप तक लगाई जा रही है। जिससे मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। इस पर विभाग की टीम ने पुलिस के साथ चिकित्सालय पर छापा मारा तो चिकित्सालय में 5 मरीजों को ड्रिप चढ़ाई जा रही थी। साथ ही अन्य मरीजों की भीड़ लगी हुई थी।
दवाइयां व ड्रिप की जब्त
क्लीनिक से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां पाई गईं, इस भीड़ एकत्रित और ऐलोपैथिक दवाइयां के संबंध में आशीष जैन से जानकारी मांगी तो किसी बात का उतर नहीं दे सका। बीएमओ डॉ. बीके रावत, डॉ.देवेंद्र खरे व चौकी प्रभारी आमोलपठा पुनीत वाजपेयी व उनकी टीम ने क्लीनिक को सील कर कार्रवाई की। वहीं इस संबंध में डॉ. खरे ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे डॉक्टर की सूचना मिलती है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाती है।
