महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में 13 नक्सली ढेर

गढ़चिरौली
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. कोटमी जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों की शुक्रवार सुबह मुठभेड़ हुई. फायरिंग थम गई है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अभी तक 13 नक्सिलयों के शव बरामद किए गए हैं. पुलिस को शक है कि मारे गए नक्सलियों में कई बड़े कमांडर हो सकते हैं.

गढ़चिरौली गोंडिया रेंज के आईजी संदी पाटिल ने नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सुरक्षाबलों को शक है कि कई नक्सली अभी भी कोटमी जंगल में छिपे हो सकते हैं, इसलिए काफी अलर्ट होकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.गढ़चिरौली के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) संदीप पाटिल के अनुसार, यह ऑपरेशन महाराष्ट्र पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है, साथ ही कहा कि संभावना है कि मुठभेड़ में और नक्सली मारे जा सकते हैं.

महाराष्ट्र पुलिस और नक्सलियों के बीच शुक्रवार तड़के एटापल्ली के पयडी-कोटमी जंगल में मुठभेड़ शुरू हो गई।

गढ़चिरौली के पुलिस उप-महानिरीक्षक संदीप पाटिल ने बताया कि यह मुठभेड़ एटापल्ली के कोटमी के पास जंगल में सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई। उन्होंने बताया कि तब वहां नक्सली एक बैठक के लिए एकत्र हुए थे। पाटिल ने बताया विशिष्ट सूचना के आधार पर पुलिस के दल और सी-60 कमांडो ने जंगल में खोज अभियान शुरु किया। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने पुलिस दल को देखा और गोलीबारी शुरू कर दी। सी-60 कमांडो ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें 13 नक्सली मारे गए।

गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने बताया कि मुठभेड़ करीब एक घंटे तक चली। शेष नक्सली घने जंगल में भाग निकले। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। खोज अभियान अभी जारी है।

दो साल पहले नक्सलियों ने किया था IED ब्लास्ट
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में साल 2019 में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में 15 पुलिस कर्मियों समेत कम से कम 16 लोगों की जान चली गई थी। उस विस्फोट से सड़क पर एक विशाल खड्ड बन गया था। विस्फोट से पहले नक्सलियों ने एक सड़क निर्माण कंपनी के 27 वाहनों में आग लगा दी थी। विस्फोट में मारे गए लोगों में वाहन चालक भी शामिल था। धमाका पुलिसकर्मियों के वाहन के कुरखेड़ा क्षेत्र के लेंधारी नाले के पास पहुंचते ही हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *