सेंसेक्स 975 अंक उछला, निफ्टी 269.25 अंक ऊपर हुआ बंद

मुंबई
आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में जोरदार बढ़त देखी गई और यह हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 50,000 के पार पहुंच गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 975.62 अंक यानी 1.97 फीसदी ऊपर 50540.48 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 269.25 अंक यानी 1.81 फीसदी की तेजी के साथ 15175.30 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स में 473.92 अंक यानी 0.96 फीसदी की गिरावट आई थी। सबसे ज्यादा उछाल बैंकिंग इंडेक्स में आया।

एसबीआई के शेयरों को लगे पंख
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक ने मार्च तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस दौरान बैंक के शुद्ध लाभ में 80 फीसदी की तेजी आई और यह 6,450.75 करोड़ रुपये रहा। इसके बाद बैंक के शेयरों में जोरदार उछाल आया और यह 5.06 फीसदी ऊपर 404 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिन यह 384.55 के स्तर पर बंद हुआ था। मौजूदा समय में बैंक का बाजार पूंजीकरण 3.58 लाख करोड़ रुपये है।

दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज इंडसइंड बैंक, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं ग्रासिम, पावर ग्रिड, आईओसी, डॉक्टर रेड्डी और इचर मोटर्स के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *