सरकारी मिल्क बूथ की जगह पर रसूखदारों का कब्जा
ग्वालियर। एक तरफ सरकार बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को रोजगार के साधन मुहैया कराने के लिए तमाम योजनाएं चला रही है और उनको स्वाबलंबी बनने के लिए निरंतर प्रेरित कर रही है तो दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर कई रसूखदार लोग शासन के इन प्रयासों की हवा निकालते हुए ऐसे हितग्राहियों के सपनों को सरेआम कुचलने का दुस्साहस दिखा रहे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला शहर के माधवगंज क्षेत्र में सामने आया है।
यहां ग्वालियर दुग्ध संघ द्वारा शहर की एक महिला को आवंटित सांची मिल्क पार्लर के लिए नगर निगम द्वारा माधवगंज में कबूतर हाट के पास स्वीकृत की गई जगह पर कु छ अवांछित लोगों ने कब्जा कर रखा है। खास बात ये है कि सरकार की योजना के तहत इस सरकारी जगह पर हितग्राही श्रीमती आकांक्षा दुबे को इस स्थान का विधिवत आवंटन नगर निगम प्रशासन द्वारा किया गया है। इस संबंध में निगमायुक्त शिवम वर्मा की ओर से उपायुक्त राजस्व द्वारा पिछले दिनों ग्वालियर दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को बाकायदा अधिकृत विभागीय पत्र के जरिए सूचित किया था कि उन्हें मानचित्र में दर्शाए स्थान पर जगह का आवंटन कर दिया गया है।
बावजूद इसके निगम के क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 20 का स्टाफ विगत रोज जब मौके पर पहुंचा तो वहां चाय और सब्जी के ठेले वालों को काबिज पाया। इसी दौरान कुछ लोगों ने हंगामा खड़ा करने की भी कोशिश की गई। बताया जाता है कि इन ठेले वालों को वहीं के एक डेयरी संचालक ने आबाद कर रखा है ताकि इनकी आड़ में वह इस जगह का पार्किंग के लिए उपयोग कर सके। दरअसल इस स्थान पर डेयरी वाले परिवार के लोग अपनी गाड़ियां खड़ी करती हैं। सरकारी भूमि पर इस तरह अवैध रुप से पार्किंग के जरिए कब्जा गांठने वालों को यह गवारा नहीं है कि इस स्थान का किसी को आवंटन हो सके। इसी मंशा के चलते यहां जगह को घेरने के लिए ठेले वालों को खड़ा करते हुए इनकी आड़ में निजी गाड़ियां खड़ी की जाती हैं।
