हाथी ने फिर ली ग्रामीण की जान
महासमुंद। जिला मुख्यालय से आठ किलोमीटर दूर ग्राम पतेरापाली अरंड में बुधवार की रात टहलने के लिए निकले दो ग्रामीणों में से एक पर हाथी ने एक बार फिर हमला करते हुए उसे कुचल दिया जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरे ग्रामीण ने भाग कर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं पुलिस की टीम घटना स्थल पर पंहुचकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया हैं। मोहंदी अरण्ड क्षेत्र में यह मौत की तीसरी घटना है।
हाथी भगाओ फसल बचाओ समिति सिरपुर के संयोजक राधेलाल सिन्हा से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात एक दतैल ने ग्राम पतेरापाली (महासमुंद) में अरंड निवासी बाबूलाल ध्रुव पिता जेठू राम उम्र 60 वर्ष को बुरी तरह से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बाबूलाल साढ़े आठ बजे के आसपास चाचा युवराज ध्रुव के साथ टहलने के लिए निकले थे। अचानक मुर्गी फार्म के पास हाथी के आ जाने से बाबूलाल भाग नहीं सका और हाथी ने हमला कर दिया। वहीं युवराज ध्रुव भागकर किसी तरह अपनी जान बचा सके। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया हैं।
जिले में हाथी की समस्या 2016 से है। इन वर्षों में 26 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। हाथी से मौत का पहला मामला 2016 में केडियाडीह (सिरपुर) से आया था। इसके बाद से यह सिलसिला थमा नहीं है। मोहंदी अरण्ड क्षेत्र में मौत की यह तीसरी घटना है। वन विभाग ने परिवार को मिलने वाली सहायता राशि जारी कर दी है।
