‘राधे’ को आईएमडीबी पर मिली है सबसे खराब रेटिंग
सलमान खान की फिल्म ‘राधे- योर मोस्ट वॉन्टेड भाई’13 मई को ईद के मौके पर पे-पर-व्यू के आधार पर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हो गयी। वहीं, ओवरसीज में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अच्छा रिस्पॉन्स मिलने का दावा किया जा रहा है। फिल्म को स्ट्रीम करने वाले प्लेटफॉर्म जीप्लेस का दावा है कि पहले दिन इसे 4.2 मिलियन व्यूज हासिल हुए हैं। सलमान की यह फिल्म अपनी आईएमडीबी रेटिंग को लेकर भी काफी चर्चा में है। फिल्मों की रेटिंग और जानकारी रखने वाली इस वेबसाइट के अनुसार, राधे सलमान की सबसे कम रेटिंग की फिल्म है। फिल्म को लगभग डेढ़ लाख वोटों के आधार पर 1.7 रेटिंग दी मिली है। प्रभुदेवा निर्देशित राधे में सलमान खान ने एक अंडरकवर पुलिस अफसर का किरदार निभाया है, जिसे मुंबई में ड्रग्स माफिया का सफाया करने के लिए निलम्बन से वापस बुलाया जाता है। फिल्म में दिशा पाटनी फीमेल लीड हैं। रणदीप हुड्डा मुख्य विलेन के रोल में हैं। पिछले कुछ सालों में रिलीज हुई सलमान की फिल्मों की रेटिंग देखें तो राधे से कुछ बेहतर रेस 3 है, जिसे 40 हजार से अधिक मतों के आधार पर 1.9 रेटिंग दी गयी है। रेस 3 का निर्देशन रेमो डिसूजा ने किया था। रेस फ्रेंचाइजी की इस तीसरी फिल्म में अनिल कपूर और बॉबी देओल जैसे कलाकार सलमान के साथ थे। कबीर खान निर्देशित ट्यूबलाइट के जरिए सलमान ने अपनी एक्टिंग की संजीदा साइड दिखाने की कोशिश की थी, मगर 16 हजार से अधिक वोटों के आधार पर इस फिल्म की रेटिंग 3.8 है। वहीं, प्रभुदेवा निर्देशित दबंग 3 को 3 रेटिंग मिली है, जो 14 हजार से अधिक वोटों के आधार पर है। 20 हजार से अधिक वोटों के आधार पर भारत की रेटिंग कुछ बेहतर 4.8 है। इस फिल्म का निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया था। सलमान की हाइएस्ट रेटेड फिल्म बजरंगी भाईजान है, जिसे आईएमडीबी पर 76 हजार से अधिक वोटों के आधार पर 8 रेटिंग मिली है। इस फिल्म का निर्देशन कबीर खान ने किया था और करीना कपूर खान फीमेल लीड थीं। अब अगर इन फिल्मों के बॉक्स आॅफिस कलेक्शंस देखें तो इस प्रकार हैं-
ट्यूबलाइट- 121 करोड़
दबंग 3 – 150 करोड़
रेस 3- 169
भारत- 209 करोड़
बजरंगी भाईजान- 320 करोड़ रुपए।
