प्रदीप कबूतरा और सुनील राठी आज कोर्ट में हो सकते हैं पेश
लखनऊ
हिस्ट्रीशीटर अजीत सिंह की हत्या में शूटरों की व्यवस्था कराने और उनकी मदद करने के तीन आरोपियों सुनील राठी, प्रदीप कबूतरा और कुणाल उर्फ राजन जाट को शुक्रवार को लखनऊ कोर्ट में पेश किया जा सकता है। दो बार से इनकी पेशी टल रही है। पिछली बार कोर्ट ने इन आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तारीख 21 मई तय की थी। हालांकि गुरुवार रात तक इन तीनों के लखनऊ लाये जाने की कोई सूचना विभूतिखंड पुलिस को नहीं मिली थी।
छह मई को हुए इस सनसनीखेज हत्याकाण्ड ने काफी तूल पकड़ा था। इसमें रोजाना कोई न कोई नयी कड़ी खुल रही थी। इस घटना को छह शूटरों ने अंजाम दिया था जिसमें मुख्य शूटर गिरधारी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। इसके अधिकतर आरोपियों ने कोर्ट में समर्पण किया था। इस घटना में घायल शूटर राजेश तोमर को हत्या के लिये सुनील राठी ने भेजा था। मुन्ना बजरंगी की जेल में हत्या करने का आरोपी सुनील इस समय तिहाड़ जेल में बंद है। शूटरों की मदद करने के आरोपी प्रदीप कबूतरा आजमगढ़ जेल में और कुणाल तिहाड़ जेल में बंद है। इन तीनों को पुलिस रिमाण्ड पर लेगी लेकिन पिछले दो बार से इनकी तारीख पर पेशी ही नहीं हुई।
इंस्पेक्टर चन्द्रशेखर सिंह का कहना है कि तीनों से हत्याकाण्ड से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलनी है। लिहाजा इनसे पूछताछ बेहद जरूरी है। पर, पिछले दो बार से कोरोना संक्रमण और पंचायत चुनाव की वजह से इन तीनों को लखनऊ कोर्ट में नहीं पेश किया। अब 21 मई को इन्हें पेश करने की तारीख कोर्ट ने दी थी। वहीं पुलिस को संशय है कि तीनों शायद ही 21 मई को लखनऊ कोर्ट में पेशी पर आये।
