तौकते: लापता 61 लोगों की तलाश जारी, अरब सागर से निकाले गए 26 शव

मुंबई
चक्रवाती तूफान तौकते की तबाही के बाद अरब सागर में डूबे बार्ज P305 से 26 शवों को निकाले गए हैं और 61 लापता लोगों की तलाश जारी है। लापता हुए लोगों में से 26 लोगों के शवों को अरब सागर से निकालकर तट पर लाया गया है और इनकी मौत की पुष्टी हो चुकी है। बचाव अभियान की निगरानी कर रहे भारतीय नौसेना के कमोडोर अजय झा ने कहा कि शवों को बुधवार (19 मई) की सुबह तट पर लाया गया और औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उन्हें मुंबई बंदरगाह पुलिस को सौंप दिया गया है। ये सारे शव मुंबई तट से 50 से 60 नॉटिकल मील्स में पाए गए हैं। नौसेना (नेवी) के अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों में P305 सवार लगभग 50 लोग और एक अन्य पोत टग बोट वरप्रदा पर सवार कम से कम 11 लोग शामिल हैं। नौसेना ने कहा है कि तलाशी अभियान कम से कम तीन दिन और जारी रहेगा।
 
रिपोर्ट की मुताबिक मंगलवार की शाम तक लगभग 630 लोगों को बचा लिया गया था। पहले इस बात की जानकारी सामने आई थी कि बार्ज पी305 पर 273 लोग सवार थे। लेकिन ओएनजीसी ने बाद में कहा है कि बार्ज पर सिर्फ 261 लोग ही सवार थे। इस रेस्‍क्‍यू मिशन में इंडियन नेवी के 5 जहाज लगाए गए हैं। इसके अलावा हेलिकॉप्‍टर्स और कोस्‍ट गार्ड्स की भी मदद ली जा रही है।

डीजी शिपिंग के अनुसार बार्ज पर सवार सभी क्रू-मेंबर ने लाइफ जैकेट्स पहनी है। इसलिए ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है कि जो भी लोग लापता हैं, वह समुद्र में कहीं न कहीं उतरा रहे होंगे। मुंबई के कुल 4 वेसल्‍स के लिए फिलहाल 3 दिनों तक सर्च और रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन अभी जारी रहेगा। ये चारों वेसल्‍स बॉम्बे हाई में ओएनजीसी के एक ऑफशोर प्‍लेटफॉर्म्‍स को सही करने में लगे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *