बलिया में पेट्रोल से जलाए जा रहे शव: संजय सिंह
लखनऊ
आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह लगातार योगी सरकार पर हमलावर रहते हैं। एक बार फिर उन्होंने बलिया के मामले को लेकर योगी सरकार को घेरने की कोशिश की है। दरअसल, बलिया में पुलिस वालों ने एक शव को टायर और पेट्रोल से जलवा दिया था, जिसके बाद विपक्ष ने इस मुद्दे को उठाया है। इसी पर सांसद संजय सिंह ने भी हमला करते हुए कहा है कि एकतरफ सरकार कोरोना काल में डब्ल्यूएचओ से अच्छा कार्य करने का सार्टिफिकेट लेकर अपनी सराहना कर रही है वहीं दूसरी तरफ शव पेट्रोल और टायर से जलाए जा रहे हैं।
संजय सिंह ने कोरोना काल के दौरान प्रदेश में शवों के साथ हो रही नजरंदाजी को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री पर करारा हमला बोला है। संजय सिंह ने कहा है कि योगी सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है। डब्ल्यूएचओ का सर्टीफिकेट लेकर घूम रही है। अपनी पीठ खुद से थपथपा रही है कि कोरोना के केसेज कम हो रहे हैं और मृत्युदर घट गई, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। 1140 किलोमीटर लंबी नदियों के घाट पर दो हजार से ज्यादा शव पड़े हुए हैं। इन शवों को नोचते हुए कुत्ते की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
