कटिहार में पारिवारिक विवाद में हत्या, बड़े भाई को पीट-पीटकर मार डाला
कटिहार
कटिहार जिले के मोहनाचांदपुर पंचायत के भवानीपुर कुंडी गांव में छोटे भाई ने बड़े भाई को खटिया की पासी से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना सोमवार देर रात की है। इस मामले में मृतक के छाटे भाई और उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। बताया जाता है कि बुद्धु महतो और उसका छोटा भाई शंकर महतो के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। पूर्व में भी दोनों भाई आपस में मारपीट करते रहते थे। परिवार व गांव के लोग दोनों को समझा- बुझाकर शांत कर देते थे। सोमवार की शाम चार बजे दोनों भाई के बीच फिर पुरानी बात को लेकर तू-तू-मैं-मैं होने लगा। घर के लोगों ने सोचा दोनों भाई पूर्व की तरह ही आपस में झगड़कर शांत हो जाएंगे। लेकिन इसी दौरान घर के अन्य सदस्य भी आपस में झगड़ने लगे। छोटा भाई शंकर व उसकी पत्नी रेणु ने मिलकर पहले उसे पीटा। उसके बाद घर में रखे खटिया की पासी से भी कई बार बड़ा भाई के सिर पर हमला कर दिया।
बुद्धु की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार मंडल ने बताया कि मृतक की पत्नी रेणु देवी के आवेदन पर शंकर महतो और रेणु देवी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। दोनों घर छोड़कर फरार हैं। वहीं मृतक की पत्नी और पुत्र-पुत्री का रो-रोकर हाल बुरा था।
