LAC पर चीन ने एक बार फिर शुरू की हलचल, कर रही सैन्य अभ्यास 

 नई दिल्ली 
पूर्वी लद्दाख की वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर कुछ महीनों की शांति के बाद चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने एक बार फिर हरकत शुरू कर दी है। दरअसल, चीनी सेना पूर्वी लद्दाख के डेप्थ इलाकों में अपनी ओर सैन्य अभ्यास कर रही है। इस अभ्यास को देखते ही भारतीय सेना भी पूरी तरह से अलर्ट हो गई है और किसी भी हरकत का जवाब देने को तैयार है।

सूत्रों ने बताया, चीनी कई सालों से इन इलाकों में आ रहे हैं, जहां वे गर्मी के समय में अभ्यास करते हैं। पिछले साल भी वे अभ्यास की आड़ में इन क्षेत्रों में आए थे और यहां से पूर्वी लद्दाख की ओर आक्रामक रूप से चले गए थे। उन्होंने आगे बताया कि चीनी सैनिक अपने पारंपरिक इलाकों में हैं और कुछ स्थानों में वे 100 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद हैं। सूत्रों ने यह भी बताया कि यह बात काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पैंगोंग क्षेत्र के दोनों ओर से पीछे हटने के बाद हॉट स्प्रिंग्स, गोगरा हाइट्स को लेकर चीनी पक्ष से लगातार बातचीत चल रही है।

भारतीय पक्ष ने भी पूर्वी लद्दाख और अन्य सेक्टरों में फॉरवर्ड इलाकों में गर्मियों के समय में सैनिकों की तैनाती देखी है। इसके बाद, मोर्चे पर तैनात सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हाल में अग्रिम इलाकों में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की है और वहां की स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। लद्दाख में भारतीय पक्ष द्वारा तैनात बलों में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना शामिल हैं, जो अब सेक्टर में सबसे आगे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *