रायपुर से झारखंड जा रही बस पलटी, 18 घायल, 3 गंभीर
बिलासपुर। राजधानी रायपुर से झारखंड जाने के लिए निकली यात्री बस बिलासपुर मार्ग पर ग्राम गुमगा के समीप बेकाबू होकर सड़क किनारे पलटी, इस कारण बस में सवार 18 यात्री घायल हो गए जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में शिफ्ट कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार लगभग तीस से पैंतीस यात्रियों को लेकर राजधानी रायपुर से सोमवार की रात बस झारखंड के गढ़वा जाने के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार अल सुबह चार बजे के लगभग उदयपुर और तारा के बीच ग्राम गुमगा के समीप चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित बस सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई। घटना के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही अफरा-तफरी मच गई। मार्ग से गुजर रहे दूसरे वाहनों में सवार लोगों ने उदयपुर थाने में इसकी सूचना दी। उदयपुर से संजीवनी 108 एंबुलेंस और पुलिस की डायल 112 टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और घायलों को उदयपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। किसी को भी ज्यादा चोट नहीं आई थी। मौके पर पहुंचे उदयपुर तहसीलदार सुभाष शुक्ला ने बताया कि 18 यात्री घायल हुए थे जिनमें से तीन की हालत बहुत ही गंभीर बनी हुई है जिनका इलाज उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा हैं। कई यात्री ऐसे हैं जो पूरी तरीके से सुरक्षित हैं।
