आज से ऑनलाइन खेत तालाब योजना में किसानों का रजिस्ट्रेशन
लखनऊ
प्रदेश के कृषि विभाग की ओर से चलाई जा रही खेत तालाब योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान मंगलवार 18 मई से आनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। किसान अपने खेत पर सरकार से कुल लागत का 50 प्रतिशत सरकारी अनुदान लेकर तालाब बनवा सकता है। सबसे पहले यह योजना बुंदेलखण्ड में शुरू की गयी थी।
लखनऊ मण्डल के कृषि उप निदेशक सी.पी.श्रीवास्तव ने बताया कि खेत में बने ऐसे तालाब में बारिश का पानी एकत्रित होता है। साथ ही जमीन के नीचे से पानी के प्राकृतिक स्रोत फूटते हैं। ऐसे तालाब में किसान सिंघाड़ा बो सकते हैं, मछली पालन भी कर सकते हैं। साथ ही अपने खेतों की सिंचाई भी कर सकते हैं। पशुओं के पीने के पानी का भी इंतजाम कर सकते हैं। ऐसे तालाब के चारों ओर वृक्षारोपण भी किया जाता है। पारदर्शी किसान सेवा योजना के तहत upagriculture.com की वेबसाइट पर जाकर किसान खेत तालाब योजना में आनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।
कृषि निदेशक डा.ए.पी.श्रीवास्तव की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस बार खरीफ के लिए प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के लिए वाटर हार्वेस्टिंग तकनीक जैसे मेड़बंदी, समतलीकरण, खेत तालाब, चेक डैम आदि का निर्माण किसानों की सहभागिता से करवाने की रणनीति अपनाई गई है। उन्होंने बताया कि खरीफ के प्लान में खेत की मिट्टी के स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए ज्यादा से ज्यादा ढैंचा बोवाई और ढैंचा बीज का उत्पादन भी करवाया जाएगा।
