यूपी में एक्टिव केस हुए कम, WHO से मिली सराहना
सहारनपुर
कोरोना के खिलाफ जंग में सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुजफ्फरनगर में निरीक्षण करने के बाद सहारनपुर पहुंचे। यहां पर उन्होंने कहा कि यूपी में एक्टिव केस कम हुए हैं। 5 मई से गांवों की भी स्कैनिंग हो रही है। कहा कि मेडिकल सुविधा, होंम आइसोलेशन से इलाज दिया जा रहा है। कहा कि यूपी के माडल को डब्लूएचओ ने सराहा है। अन्य राज्य भी यूपी का अनुसरण कर रहे हैं। आक्सीजन में प्रदेश आत्मनिर्भर बनने जा रहा है। 300 नए प्लांट यूपी में लगने की तैयरी हो रही है। सहारनपुर में ही अकेले 11 नए प्लांट लगेंगे। 1 करोड़ लोगों को यूपी में वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। 18 से 44 साल के लोगों को प्रदेश सरकार वैक्सीन लगवा रही है। सहारनपुर में 13 हजार युवाओं को वैक्सीन लग चुकी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रेस वार्ता के दौरान संपूर्ण लाकडाउन न लगाने की वजह बताई।
उन्होंने कहा कि अर्थ व्यवस्था को देखते हुए हमने कोरोना कर्फ्यू लगाया है, यह सम्पूर्ण लाकडाउन नहीं है। आवश्यक सेवाएं चालू हैं। मजदूरों को समस्या न आए इसके लिए उद्योग धंधे व कारोबार चालू हैं। कहा कि हमारा मकसद परेशानी भी न हो, भीड़ भी न हो साथ ही भुखमरी की भी समस्या न आए। वहीं इसके लिए कम्युनिटी किचिन की व्यवस्था की गई है। सरकारी अस्पतालों में उपचार के साथ भोजन मिल रहा है। निशुल्क खाद्यान वितरण शुरू किया गया है। तीसरे फेज की तैयारी हमने शुरू कर दी है। बच्चों के लिए icu निर्माण शुरू हो गया है। मेडिकल कॉलेज में 100 बेड, जिला अस्पताल में 25 बेड का आईसीयू बन रहा है। पोस्ट कोविड इंफेक्शन हमारी चिंता है इसके लिए अलग अस्पताल को चयनित किया गया है। इस वार्ड में पोस्ट कोविड समस्याओं का उपचार किया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना के बाद ब्लैक फंगस को लेकर सरकार गंभीर है। इसे लेकर किसी तरह की भी लापरवाही नहीं होगी।
उन्होने कहा कि ब्लैक फंगस के अलावा शुगर व अन्य बीमारियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हर जिले में इन समस्याओं के लिए वार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केस घट रहे हैं, रिकवरी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना काल में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं व विकास कार्यों तथा मौजूदा हालात को लेकर जिले के जनप्रतिनिधियों से बैठक की। इस बैठक के दौरान जिले के सभी भाजपा प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष एकमत से मेडिकल कालेज को एम्स का दर्जा दिलाए जाने की मांग की। साथ ही मौजूदा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति असंतुष्टि जताई। इस दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने मीडियाकर्मियों व उनके परिजनों को कोरोना वैक्सीन प्राथमिकता के आधार पर लगाए जाने की मांग का पत्र दिया। अलग कक्ष में मुख्यमंत्री के साथ चल रही बैठक में गन्ना मंत्री सुरेश राणा, आयुष मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी, कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, महापौर संजीव वालिया, विधायक देवेंद्र निम, विधायक चौधरी किरत सिंह, विधायक कुंवर बृजेश सिंह मौजूद रहे।
