बिहार में सक्रिय मरीजों से चार गुना ज्यादा हुए स्वस्थ, 22 मार्च से अबतक 3.88 लाख मिले संक्रमित
पटना
बिहार में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में भले ही बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हुए हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि संक्रमित मरीजों की तुलना में चार गुना लोग स्वस्थ हो चुके हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में 22 मार्च से अबतक 3 लाख 11 हजार 450 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, राज्य में अभी कोरोना के सक्रिय संक्रमित मरीजों की संख्या 75 हजार 89 है।
राज्य में 22 मार्च 2021 से अबतक कुल 3 लाख 88 हजार 250 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से अबतक 3 लाख 11 हजार 450 स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि अभी 75,089 सक्रिय संक्रमित मरीज इलाजरत हैं।
बिहार में संक्रमण की दर छह फीसदी से नीचे
राज्य में रविवार को कोरोना संक्रमण दर छह फीसदी से भी नीचे आ गयी। राज्य में पिछले 24 घंटे में 6894 नए मरीज मिले, जबकि 1 लाख 20 हजार 271 सैम्पल की जांच की गई। इस तरह राज्य की संक्रमण दर 5.73 फीसदी हो गई। एक दिन पूर्व राज्य में संक्रमण दर 6.65 फीसदी थी। इस प्रकार संक्रमण दर में 0.92 फीसदी की कमी आ गयी। पिछले 24 घंटे में राज्य में 14,202 कोरोना संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए और इस दौरान 89 संक्रमितों की मौत हो गयी। इसके साथ ही, राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 87. 89 फीसदी हो गई।
