बेंगलुरु के डॉक्टरों ने की कोरोना के नए लक्षण की पहचान, मुंह में सूखापन या खुजली को ना करें अनदेखा

बेंगलुरु
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में डॉक्टरों ने कोरोना के नए लक्षण की पहचान की है, जिसे उन्होंने 'कोविड टंग' नाम दिया है। इस केस में संक्रमित मरीज के अंदर कोई और लक्षण नहीं होते हैं, बस मुंह सूखने की शिकायत होती है। कोविड टास्क फोर्स के सदस्य डॉ जीबी सत्तूर ने बताया है कि हाइपरटेंशन से गुजर रहे एक 55 साल के व्यक्ति के मुंह में यही लक्षण देखा गया। उसने बहुत अधिक मुंह सूखने की शिकायत की, जब डॉक्टरों ने उसका कोरोना टेस्ट किया तो उसे संक्रमित पाया गया।

डॉक्टर जीबी सत्तूर ने बताया कि जब मैंने उसके ब्लड शुगर की जांच की तो वो एकदम नॉर्मल था, लेकिन ESR काफी अधिक था। मैंने सुना था कि कंजंक्टिवाइटिस कोरोना का एक लक्षण हो सकता है। हालांकि, मरीज को बुखार नहीं था, लेकिन उसे थकान की शिकायत बहुत अधिक थी। इसलिए मुझे संदिग्ध तौर पर लगा कि यह कोविड-19 का एक लक्षण हो सकता है, फिर मैंने उसका RT-PCR टेस्ट किया तो वो पॉजिटिव निकला। अभी उस मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति ठीक है।

नए वेरिएंट का हो सकता है ये लक्षण डॉक्टर सत्तूर ने आशंका जताई है कि कोरोना के नए वेरिएंट के कारण ऐसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि जुबान में कोरोना की शुरुआत चिड़चिड़ाहट, खुजली और मुंह के सूखेपन के साथ होती है। इसके बाद मरीज को बिना बुखार के ही कमजोरी महसूस होने लगती है और बाद में अन्य लक्षण आते हैं। सत्तूर ने कहा कि लोग इस लक्षण को नजरअंदाज ना करें। डॉक्टर भी मरीजों के अंदर इस लक्षण को अनदेखा ना करें। कोरोना के वैरिएंट को बेहतर तरीके से समझने के लिए सरकार को भी चाहिए कि वे जीनोम सीक्वेंसिंग पर और ध्यान केंद्रित करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *