महिला को अपने बकाए पैसे मांगना पड़ा महंगा, देनदार ने झगड़े के बाद तलवार से किया हमला

औरंगाबाद
सदर प्रखंड के जम्होर थाना क्षेत्र के सरसौली गांव में बकाया पैसे मांगने पर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल महिला की पहचान कृष्णा प्रसाद की पत्नी बैजंती देवी के रूप में की गई है। महिला के पति कृष्णा प्रसाद ने बताया कि वह रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव का रहने वाला है और कई सालों से सपरिवार सरसौली गांव में रहता है। 

वह यहां पर मजदूरी का काम करता है। उसने बताया कि अरवल निवासी उमेश चंद्रवंशी ने अपनी बेटी की शादी में 50 हजार रुपए कर्ज के रूप में लिए थे। जब उनकी पत्नी ने उमेश चंद्रवंशी से पैसों की मांग की तो पैसा देने के बजाय वह झगड़ा करने लगा। रविवार को उसने बैजंती देवी के शरीर पर तलवार और तेजधार हथियार से वार कर दिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। इसके बाद लोगों की भीड़ लग गई। 

महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां इलाज करने के बाद महिला को रेफर किया गया। महिला के हाथ, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जम्होर के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रभुनाथ कुमार ने बताया कि महिला का इलाज सदर अस्पताल में किया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *