लॉकडाउन में बिहार पुलिस ने वसूले इतने लाख रुपये, सड़क पर बिना परमिशन दौड़ रही गाड़ियों को पकड़ा

जहानाबाद
वैश्विक महामारी कोरोना से लोगों को बचाने के लिए सरकार के निर्देश पर लागू किए गए लॉकडाउन के दौरान पूरे जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया जो अभी भी जारी है। बिना परमिशन के सड़कों पर गाड़ियां दौड़ाने वाले दो हजार से अधिक लोग जांच की जद में आए और पकड़े गए। पांच मई को लागू किए गए लॉकडाउन के दो-तीन दिन पहले से पूरे जिले में जो सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया उस दौरान से अब तक 11 लाख से अधिक रुपए जुर्माने के रूप में राजस्व संग्रह किए गए। सर्वाधिक फाइन की वसूली नगर थाना और कड़ौना ओपी की पुलिस के द्वारा की गई है। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार नगर थाने की पुलिस ने लॉकडाउन की अवधि में तीन लाख साठ हजार रुपये जुर्माने की वसूली की। सघन जांच में अरवल मोड़, काको मोड़, अंबेडकर चौक, अलगाना मोड पर करीब 500 गाड़ियां पकड़ी गई जिसमें बारातियों से भरी बसें, लग्जरी कार, बाइक एवं अन्य प्रकार के वाहन शामिल हैं।

पटना-गया एनएच पर कड़ाई से हो रही चेकिंग
जहानाबाद-पटना एनएच-83 पर कड़ौना ओपी की पुलिस के द्वारा 400 से अधिक हर तरह के वाहन पकड़े गए और उनसे करीब तीन लाख बीस हजार रुपये फाइन के रूप में राजस्व संग्रह किए गए। जहानाबाद में नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रवि भूषण के नेतृत्व में वाहनों की जांच की जा रही है जबकि कड़ौना ओपी के पास ओपी के प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा जहानाबाद-गया सड़क मार्ग में मखदुमपुर थाना अध्यक्ष रंजय कुमार के नेतृत्व में ढाई सौ से अधिक वाहन अवैध ढंग से संचालित हालत में पाए गए जिनसे करीब डेढ़ लाख रुपये रविवार तक राजस्व संग्रह किए गए। परसविगहा थाने की पुलिस के द्वारा 80 हजार रुपये फाइन की वसूली किए जाने की सूचना है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *