लोक सेवा आयोग से चयनित 304 पात्रों की नियुक्ति का रास्ता साफ
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित 304 अभ्यर्थियों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। पहले इन्हें नियुक्ति दी जाएगी बाद में इनके चरित्र का सत्यापन होता रहेगा। शासन ने चयनितों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र जारी करने की अनुमति दे दी है।
कार्मिक विभाग ने कोरोना काल में चरित्र सत्यापन की व्यवस्था में बदलाव करने संबंधी आदेश जारी किया था। इसमें कहा गया था कि नियुक्ति पाने वालों का चरित्र सत्यापन के लिए नियुक्ति नहीं रोकी जाएगी। इसी बीच राज्य लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य-प्रवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य चयन/विशेष चयन) परीक्षा–2019 के आधार पर चयनित 304 अभ्यर्थियों की सूची नियुक्ति के लिए शासन को भेजी थी। शासन ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभागों को भेज दी है। विभागों से इन्हें औपबंधिक नियुक्ति पत्र जारी करते हुए इसकी प्रतियां कार्मिक विभाग व राज्य लोक सेवा आयोग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। संबंधित विभाग अब नियुक्ति की कार्यवाही करेंगे।
राज्य लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य चयन/विशेष चयन) परीक्षा के जरिए 25 अलग-अलग प्रकार के पदों की 453 रिक्तियों में से 19 प्रकार के पदों की 387 रिक्तियों में 382 अभ्यर्थियों का चयन किया है। आयोग ने इनमें औपबंधिक रूप से चयनित 78 अभ्यर्थियों को छोड़ते हुए 304 अभ्यर्थियों की नियुक्ति संबंधी कार्यवाही के लिए आवेदन पत्र व मूल अभिलेख शासन को भेजा है। शासन ने इन सभी की नियुक्ति व उसके बाद सत्यापन के आदेश दिए हैं। आयोग ने बकाया 78 अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच के बाद नियुक्त के लिए जल्द उपलब्ध कराने की बात कही है। आयोग से सूची आने तक इन्हें नियुक्ति का इंतजार करना होगा।
