18 से 45 उम्र वालों के लिए 6.48 लाख टीका उपलब्ध 

पटना 
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने जानकारी दी कि 18 से 45 उम्र तक के लोगों के लिए बिहार में अभी छह लाख 48 हजार 280 कोरोना टीका उपलब्ध है। राज्य सरकार टीका की खरीद कर रही है। उक्त उम्र के अबतक तीन लाख 178 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। वहीं 45 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए अभी तीन लाख 85 हजार 710 टीका उपलब्ध है। 

वहीं दूसरी ओर अगले 24 घंटे में अगर कोरोना वैक्सीन का डोज पटना नहीं पहुंचा तो अस्पतालों और स्कूलों में चल रहे टीकाकरण में बाधा उत्पन्न हो सकती है। अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाने के कारण पहला डोज लेने पहुंचे कई लोगों को सिर्फ इसलिए लौटाया जा रहा है कि उनकी स्लॉट बुकिंग नहीं है। इसके साथ ही कई ऐसे बुजुर्गों को भी लौटा दिया गया जिनको दूसरा डोज लेना था। लेकिन शुक्रवार से कई केंद्रों पर टीकाकरण रुक भी सकता है। 

यह कोविशील्ड और कोवैक्सीन के डोज की संख्या घटने के कारण हो सकता है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एसपी विनायक ने बताया कि गुरुवार को सभी केंद्रों पर टीकाकरण सामान्य रूप से चल रहा है। सुबह में सभी केंद्रों को पर्याप्त संख्या में टीका उपलब्ध करा दिया गया है। लेकिन गुरुवार शाम तक टीका का डोज नहीं पहुंचा तो शुक्रवार से मुश्किल बढ़ सकती है। पीएमसीएच में वैक्सीन के नोडल पदाधिकारी डॉ. राणा ने बताया कि यहां पर कोवैक्सीन के डोज की कोई कमी नहीं है। प्रतिदिन 500 से 700 लोगों को वैक्सीन दिया जाता है। अभी तक टीका की आपूर्ति बाधित नहीं हुई है। यहां कोवैक्सीन का डोज दिया जाता है। एक वॉयल में 20 लोगों के लिए डोज होता है। ऐसे में इतने लोग नहीं होते हैं तो उन्हें अगले दिन बुलाया जाता है। 

आईजीआईएमएस में टीकाकरण के नोडल पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि यहां कोविशील्ड के डोज की कोई कमी नहीं है। लेकिन कई बार 10 आदमी से कम होने पर वैक्सीन का वायल नहीं खोला जाता है। अगर 9 आदमी भी होता है तब भी उन्हें अगले दिन की आने की सलाह देकर लौटा दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *