भारत vs इंग्लैंड : शार्दुल बन सकते हैं अच्छे ऑलराउंडर, देने होंगे पर्याप्त मौके- अरुण

नई दिल्ली
भारत के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने कहा कि शार्दुल ठाकुर के पास तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर बनने की क्षमता है। इसकी टीम को जरूरत है क्योंकि हार्दिक पंड्या पीठ की चोट के कारण गेंदबाजी नहीं कर पा रहे हैं। पंड्या को इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, ‘उन्हें (ऑलराउंडर को) ढूंढना चयनकर्ताओं का काम है और फिर हम उनको निखार सकते हैं। शार्दुल ने साबित किया है कि वह ऑलराउंडर बन सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने शानदार काम किया।’

आदर्श स्थिति में कहूं तो हां (हमें तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर तैयार करने की जरूरत है)। कुछ मौजूद हैं (घरेलू क्रिकेट में) क्योंकि हम हमेशा भारतीय टीम के साथ रहते हैं इसलिए हमें घरेलू ऑलराउंडरों को देखने का मौका नहीं मिलता।’ ठाकुर भी उन्हें गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में देखने की इच्छा जता चुके हैं। इंग्लैंड के आगामी दौरे पर उन्हें पर्याप्त  की उम्मीद है।

जैविक रूप से सुरक्षित माहौल के लंबे समय तक खेल का हिस्सा बना रहने की संभावना है। ऐसे में अरुण ने कहा कि इंग्लैंड दौरे के दौरान सभी छह तेज गेंदबाजों को रोटेट किया जाएगा क्योंकि टीम अपने खिलाड़ियों के काम के बोझ का प्रबंधन करेगी। भारत को इंग्लैंड दौरे पर छह टेस्ट खेलने हैं जिसकी शुरुआत 18 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के साथ होगी।

हार्दिक ने पिछला टेस्ट 2018 में इंग्लैंड दौरे के दौरान खेला था। वह 2019 से पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। हाल में आईपीएल में भी उनके कंधे में हल्की चोट लगी थी। अरुण ने स्वीकार किया कि पंड्या जैसे अच्छे विकल्प की तलाश करना बेहद मुश्किल काम है। उन्होंने कहा,‘काश सिर्फ चाहने से हम इस तरह का गेंदबाज तैयार कर लेते। हार्दिक असाधारण प्रतिभा है लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें पीठ का ऑपरेशन कराना पड़ा और इसके बाद वापसी करना आसान नहीं रहा। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ गेंदबाजी की। मुझे लगता है कि उन्होंने काफी अच्छा काम किया लेकिन वह लगातार गेंदबाजी करे इसके लिए हमें बेहतर प्रबंधन करना होगा और उसे मजबूत बनाने पर काम करना होगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *