अब तेलंगाना में भी 12 मई से 10 दिनों का लॉकडाउन 

हैदराबाद
भारत में कोरोना वायरस का हाहाकार जारी है और इसी की वजह से पाबंदियों का दौर भी। कोरोना वायरस के कहर के बीच तेलंगाना में भी लॉकडाउन लग गया है। तेलंगाना सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए मंगलवार को राज्य में 12 मई से लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल ने 12 मई (बुधवार) सुबह 10 बजे से अगले 10 दिनों के लिए लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। हालांकि, इस दौरान अनिवार्य सेवाओं को छूट मिलेगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, 'हालांकि सुबह छह बजे से सुबह 10 बजे तक सभी दैनिक गतिविधियों में छूट रहेगी।' सोमवार को तेलंगाना में कोविड-19 से संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर करीब 50 हजार हो गया और 4,826 नए मामले आये, जबकि संक्रमण से 35 और लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 2,771 हो गयी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि मंत्रिमंडल ने कोविड-19 रोधी टीका खरीदने के लिए वैश्विक कंपनियों को भी आमंत्रित करने का फैसला किया है। हालांकि, लॉकडाउन का फैसले ऐसे वक्त में आया है, जब एक सप्ताह पहले तक सरकार लॉकडाउन लगाने के पक्ष में नहीं थी। सरकार का मानना था कि इससे वित्तीय संकट पैदा होगा। मगर कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए सरकार ने आखिरकार लॉकडाउन लगाने का फैसला ले ही लिया। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *