कोरोना से 10 नक्सलियों की मौत, 100 संक्रमित
दंतेवाड़ा
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर दक्षिण बस्तर के जंगलों तक पहुंच चुकी है और कोरोना संक्रमण से 10 नक्सलियों के मौत की पुष्टि एसपी अभिषेक पल्लव ने की है। सूत्रों ने जानकारी दी है कि 100 से अधिक नक्सली कोरोना से संक्रमित है।
सूत्रों ने बताया कि दक्षिण बस्तर के जंगलों में कोरोना संक्रमण की स्थिति भयावह हो गई है। 100 से अधिक नक्सली जिनमें छोटे और बड़े कैडर के नक्सली शामिल हैं इन दिनों कोरोना संक्रमित है और उनमें से अनेक की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यत: पीएलजीए बटालियन सीआरसी सदस्य और प्लाटून कोरोना से संक्रमित है।
दंतेवाड़ा पुलिस कप्तान डॉ अभिषेक पल्लव ने 10 नक्सलियों के कोरोना से मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि नक्सलियों ने अपने साथियों के शवों को जला भी दिया है। पुलिस कप्तान ने नक्सलियों से बकायदा मार्मिक अपील करते हुए कहा है कि जो नक्सली कोरोना संक्रमित और बीमार है यदि वे आत्मसमर्पण करते हैं तो उनके पूरे इलाज का खर्च पुलिस प्रशासन उठाने को तैयार हैं। एसपी पल्लव ने बताया कि दो दिन पहले दक्षिण बस्तर डिवीजन, दरभा डिवीजन और पश्चिम बस्तर डिवीजन में 100 से ज्यादा नक्सलियों के कोरोना संक्रमित होने की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को मिली थी। इन नक्सलियों में 25 लाख रुपए की ईनामी सुजाता, जयलाल, दिनेश सहित अन्य नक्सली शामिल हैं। क्योंकि छत्तीसगढ़ से लगी सीमा आंध्रप्रदेश में कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने के कारण जिले की सीमाओं को सील करने के साथ ही अंदरुनी इलाकों में सर्चिंग तेज कर दी गई हैं। इसी की चपेट में 10 बड़े नक्सली लीडर भी आए गए और उनकी मौत हो गई, लेकिन अभी तक उनके नाम सामने नहीं आए। जिन नक्सलियों की मौत हुई है, वे दक्षिण बस्तर इलाके के हैं। उनके नामों के बारे में पता किया जा रहा है। जो जानकारी मिली है उसके अनुसार सुकमा इलाके में नक्सलियों ने वैक्सीन और दवाएं भी मंगाई है। सूत्रों ने कहा है कि जिन 10 नक्सलियों की मौत हुई है वे डीहाईडरेशन और कोरोना से संक्रमित थे।
