बाबर ने धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी की, जीते लगातार 4 टेस्ट

हरारे
 पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) ने इतिहास रच दिया है. बाबर की कप्तानी में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को टेस्ट सीरीज में 2-0 से मात दे दी, जिसके बाद इस युवा कप्तान ने अपना नाम इतिहास में दर्ज करवा लिया. बाबर आजम ने अपनी कप्तानी के शुरुआती लगातार 4 टेस्ट मैचों में पाकिस्तान को जीत दिलाई है, जिसके बाद उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

बाबर आजम ने धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी की

बाबर आजम से पहले भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2008 में लगातार 4 टेस्ट मैच जीते थे. बाबर आजम ने इस साल की शुरुआत में द. अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान को 2-0 से सीरीज जीत दिलाई थी. इसके बाद बाबर आजम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ भी इतने ही अंतर से पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज जिताई है.

बाबर आजम ने लगातार जीते 4 टेस्ट मैच

बाबर आजम और महेंद्र सिंह धोनी के अलावा बतौर कप्तान अली बचेर (1970), ब्रायन क्लोज (1967), परसी चैपमैन (1928), वार्विक आर्मस्ट्रोंग (1921), लॉर्ड हॉक (1899), डबल्यूजी ग्रेस (1890) ने अपने पहले चार टेस्ट मैच जीते हैं. वनडे में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बाबर के पास इस फॉर्म को आगे भी बढ़ाने का मौका रहेगा. पाकिस्तान को वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ अगस्त और सितंबर में दो-दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है.

पाकिस्तान का दबदबा बरकरार

पाकिस्तान ने इस साल दक्षिण अफ्रीका को घरेलू सीरीज में टेस्ट और टी20 में मात दी थी. यह छठी बार है जब पाकिस्तान ने छह या उससे अधिक सीरीज जीती हैं. पाकिस्तान ने 2011-12 में लगातार 13 सीरीज, 2015-16 में नौ, 2001-02 में आठ, 1993-94 में छह और 2017-18 छह सीरीज जीती थीं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *