बिहार भाजपा अध्यक्ष ने नीतीश सरकार के लॉकडाउन के फैसले को सराहा

पटना 
                                                                                                  
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने नीतीश सरकार द्वारा बिहार में लॉकडाउन लगाने के फैसले की सराहना की है। साथ ही उन्होंने वैसे विरोधियों पर भी तंज कसा, जो उनके लॉकडाउन लगाए जाने की मांग पर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को मेरे बयान का अर्थ अब समझ में आ गया होगा। बता दें कि बिहार में पांच से 15 मई तक लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं मार्गों पर लोगों के बिना काम के पैदल निकलने पर भी पूर्णत: पाबंदी रहेगी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले के मद्देनजर इसकी चेन को तोड़ने के लिए यह फैसला लिया गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

 नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार की 15 मई तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा पर तंज कसा है। मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की व्यवस्था को लेकर जो टिप्पणी की है, उस पर सरकार को जवाब देना चाहिए। आखिर जंगलराज की दुहाई देने वाले अब कहां हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 15 दिन से समूचा विपक्ष लॉकडाउन करने की मांग कर रहा था, तो नहीं किया गया। अब जब गांव-गांव, टोला-टोला संक्रमण फैल गया तब सरकार ने लॉकडाउन लगाया है। एक अन्य ट्वीट में कहा कि कृपया कुर्सी के लिए बिहारवासियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ मत करिये। राज्य सरकार केंद्र से केस लोड के अनुपात में ऑक्सीजन की मांग क्यों नहीं कर रही। क्या सरकार ने मई का केस लोड प्रोजेक्शन बनाया और केंद्र को भेजा है? नेता प्रतिपक्ष ने पूछा है कि विदेशों से आए ऑक्सीजन सिलेंडर, कंसंट्रेटर, दवाइयां और अन्य ज़रूरी मेडिकल सामग्री क्या बिहार को मिलीं? क्या राज्य सरकार ने मांग की? कहा कि बिहार के वाजिब ह़क के लिए हम आपके साथ खड़े हैं। आ़खरि बा़की राज्य केंद्र से कैसे दबाव बनाकर यह सब ले रहे हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *