पटना में धमकी भरे लेटर से मची सनसनी
पटना
तख्त श्रीहरिमंदिरजी में पत्र भेज कर किसी ने 50 करोड़ रुपए फिरौती की मांग की है। पत्र भेजने वाले ने रुपए नहीं मिलने पर गुरुद्वारा को उड़ाने की धमकी दी है। डाक के जरिए भेज गए पत्र में लिखा है कि एक माह के अंदर राशि नहीं मिलने पर तख्त साहिब और बाललीला गुरुद्वारा को उड़ा दिया जाएगा। एक ही लिफाफे में दो पत्र डालकर गुरुद्वारा में भेजा गया है। दूसरे पत्र में लिखा है कि मारवाड़ी उच्चतर विद्यालय में सात आठ दशक पहले दान में दी गयी पुस्तकों को वर्तमान प्राचार्य के द्वारा सुरक्षित रखने की बजाय हटाकर, जलाकर और बेचकर नष्ट किया जा रहा है। पत्र के अंत में भेजने वाले का नाम, पता और मोबाइल नंबर भी लिखा है।
उसने अपना नाम रंजन कुमार, पता-महात्मा गांधी नगर,कांटी फैक्ट्री रोड, कंकड़बाग लिखा है। उसने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की बात लिखी है। साथ ही धमकी दी है कि इसकी सूचना पुलिस को देने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा।
