आज बीजेपी चीफ जेपी नड्डा बंगाल दौरे पर, हिंसा प्रभावित लोगों से मिलेंगे

 नई दिल्ली 
हिंसा में अब तक 11 लोगों के मारे जाने की खबर है। बंगाल में चुनाव के नतीजों के बाद शुरू हुई हिंसा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बंगाल सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। दूसरी तरफ, बीजेपी ने ऐलान किया है कि वह पांच मई को हिंसा के खिलाफ देशभर में धरना देगी। वहीं, आज बीजेपी चीफ जेपी नड्डा बंगाल दौरे पर जाएंगे।

बीजेपी ने आरोप लगाया है कि चुनाव के बाद हिंसा में उनके 6 लोग मारे गए हैं। इनमें से एक कोलकाता का पार्टी कार्यकर्ता भी है जिसे फेसबुक पर वीडियो पोस्ट करने के बाद मौत के घाट उतारा गया। फेसबुक वीडियो में इस कार्यकर्ता ने दिखाया था कि कैसे गुंडों ने उसके पालतू कुत्ते को मारा। टीएमसी ने भी आरोप लगाया है कि राजनीतिक प्रतिशोध के कारण उसके 4 लोगों को मार दिया गया है। हालांकि, सीएम और पार्टी चीफ ममता बनर्जी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। आईएसएफ ने भी दावा किया है कि उसका एक कार्यकर्ता इस हिंसा में मारा गया है।

बीजेपी अध्यक्ष नड्डा मंगलवार को दो दिवसीय बंगाल दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह हिंसा प्रभावित पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।  पार्टी ने कहा है कि बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद पूरे राज्य में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही हिंसा की घटनाओं के खिलाफ पांच मई को राष्ट्रव्यापी धरना देगी। यह धरना प्रदर्शन पार्टी के सभी संगठनात्मक मंडलों में सभी कोविड प्रोटोकॉल्स का पालन करते हुए आयोजित किया जाएगा।

बता दें कि बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया था कि चुनाव नतीजों के बाद 4 हजार बीजेपी कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ की गई तो वहीं 100 दुकानों में लूट की गई है। तारकेश्वर सीट से बीजेपी के उम्मीदवार रहे पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील की है कि वह बीरभूम जिले में हिंदू परिवारों की रक्षा के लिए तुरंत केंद्रीय बलों को भेजें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *