गृह विभाग ने जारी किया आदेश- मजिस्ट्रेट के साथ तैनात रहेगी पुलिस फोर्स
पटना
कोरोना संकट को देखते हुए राज्य सरकार ने चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार और अस्पतालों में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने का निर्णय लिया है। कोविड अस्पताल या क्वांटाइन सेंटर की सुरक्षा में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। गृह विभाग ने सभी डीएम और एसपी को इस बाबत आदेश जारी किया है।
डीजीपी और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव के संयुक्त आदेश में कहा गया है कि कोरोना की दूसरी लहर का व्यापक प्रभाव है। आम लोगों में भय व्याप्त है। ऐसे में चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन पर अनुचित दबाव डालने तथा दुर्व्यवहार एवं मारपीट की घटनाएं सामने आ सकती हैं। इससे विधि व्यवस्था की गंभीर समस्या उत्पन्न होने की संभावना है।
आदेश में कहा गया है कि सभी डीएम एवं एसपी अपने-अपने जिले में कोविड-19 के इलाज के लिए चयनित अस्पताल, कोविड केयर सेंटर एवं अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठान, क्वारंटाइन सेंटर जहां कोविड-19 के मरीजों का इलाज किया जा रहा है या संक्रमण की आशंका वाले व्यक्तियों को रखा गया है, के आसपास विधि व्यवस्था की समुचित व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें। उन क्षेत्रों में जहां ऐसे अस्पताल और कोविड केयर सेंटर स्थित हैं वहां पेट्रोलिंग की व्यवस्था को सुदृढ़ करें तथा गश्त की संख्या में वृद्धि करें। सभी जिलों के एसपी स्थिति के आकलन कर संवेदनशील क्षेत्रों में स्टैटिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर सकते हैं।
