वीडी शर्मा लेंगे स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर, उपचुनाव में मिली हार की करेंगे समीक्षा

भोपाल
दमोह विधानसभा उपचुनाव में मिली हार से भाजपा के  नेता सकते में हैं और अब हार के कारणों की तलाश शुरू हो गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस मामले में कल ही कहा था कि दमोह के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर गंभीरता से हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। वहीं सूत्रों का कहना है कि उन्होंने इस मामले में स्थानीय स्तर से रिपोर्ट भी मांगी है कि आखिर प्रचार प्रसार में सभी का सपोर्ट मिलने के बाद हार का सामना करने की वजह क्या रही? दूसरी ओर गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को इस मामले में बड़ा बयान देते हुए कहा है कि हम छले गए छल छलनों से, इस बार लड़ाई हारे हैं, अपने घर के जयचंदो से। मिश्रा के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि पार्टी हार को लेकर गंभीर है।

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने चुनाव परिणाम घोषित होने के पहले ही कांग्रेस के अजय टंडन को बधाई दी थी और कहा था कि इस चुनाव में जीते नहीं पर सीखे बहुत। आज पटेल ने ट्वीट कर फिर इस मामले को नई हवा दी और कहा कि दमोह चुनाव परिणाम ने भविष्य की चुनौतियों, षड़यंत्रों और कार्यप्रणाली में सुधार के स्पष्ट संकेत दिए हैं। हम सभी कार्यकर्ता अपनी परिश्रम की मूल सामर्थ्य और विद्वेष रहित कार्यप्रणाली से इनका समाधान खोजेंगे। भारतीय जनता पार्टी को मतदान और सहयोग करने वाले सभी दमोहवासियों का वे धन्यवाद देते हैं।

पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी के आरोपों पर कहा कि जनता ही उनके खिलाफ थी। जब सारे शहर में हारे तो उनके वार्ड में भी हार हुई। इतना ही नहीं देहात क्षेत्र में भी लोधी हारे हैं। उनके प्रति जनता का गुस्सा पार्टी के प्रति भी सामने आया है जबकि लोग भाजपा से नाराज नहीं थे। मलैया ने कहा कि वे पिछला चुनाव 780 वोट से हारे थे। रामकृष्ण कुसमरिया को तब 1100 वोट मिले थे तो मैं कह सकता था कि इनकी वजह से हारा लेकिन मैंने हार को स्वीकार किया। हार मिली है तो स्वीकार करना चाहिए। हार गए तो सामने वाले पर ठीकरा फोड़ दिया, इसे वे उचित नहीं मानते। उन्होंने कहा कि वे पार्टी मंच पर अपनी बात बेहतर रखेंगे। उधर मलैया के बेटे सिद्धार्थ ने खुद पर लगाए गए आरोपों पर कुछ भी कहना से इनकार करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया पर आज शाम को इसका जवाब देंगे।

 दमोह उपचुनाव में हार के बाद भाजपा प्रत्याशी राहुल लोधी ने कल रात में जयंत मलैया परिवार पर आरोप लगाए और पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। सिंह ने भाजपा की हार के लिए भितरघात को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि जयंत मलैया के कारण चुनाव हारे हैं। सिद्धार्थ मलैया जिन्हें शहर का प्रभारी बनाया था, उनका ही वार्ड हार गए। जो पार्टी को मां कहा करते थे, उनका ही वार्ड पोलिंग हार गए। राहुल ने कहा कि मलैया परिवार की रणनीति सफल हुई और हम चुनाव हार गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *