फीस फिक्स कराने कॉलेजों के प्रस्ताव नहीं हुए रेडी

भोपाल
प्रवेश एवं फीस विनियामक समिति को सूबे के करीब 150 कॉलेजों की आगामी तीन सत्र 2021-22, 2022-23 और 2023-24 की फीस निर्धारित करना है। कोरोना कर्फ्यू लगा होने के कारण 35 फीसदी कॉलेज फीस फिक्स कराने के लिए दस्तावेज तैयार नहीं करा पा रहे हैं। कमेटी ने उनकी समस्या को देखते हुए आवेदन करने की तिथि में 15 दिनों की बढ़ोतरी कर दी है। अब वे 15 मई तक आवेदन कर पाएंगे। कोरोना संक्रमण को देखते हुए फीस कमेटी फीस निर्धारित करने कालेजों की दलीलें सुनने आॅनलाइन सुनवाई करेगा।  

प्रदेश में कोरोना संक्रमण का खतरा दिन व दिन बढ़ता जा रहा है। इसे रोकने के लिए कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है। कर्फ्यू ने कॉलेजों की गतिविधियों को रोक दिया है। इसलिए आगामी तीन सत्रों की फीस निर्धारित कराने के लिए कॉलेज दस्तावेज तक नहीं जुटा पा रहे हैं। वे चाटर्ड एकाउंटेंट से अपनी बैलेंस शीट तैयार नहीं करा सके हैं।

वहीं, फीस का प्रस्ताव सहित अन्य दस्तावेज तैयार करने के लिए उनके पास पर्याप्त स्टाफ तक मौजूद नहीं हैं। इसलिए अंतिम तिथि बीतने तक 35 फीसदी कॉलेज फीस निर्धारित करने के लिए अपने प्रस्ताव फीस कमेटी तक नहीं भेज सके हैं। उन्होंने कमेटी से कुछ समय की मांग की है। कॉलेजों की समस्या और बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए फीस कमेटी ने आवेदन कराने की तिथि में 15 दिनों की बढ़ोतरी कर दी है। अब कॉलेज 15 मई तक फीस कमेटी में आवेदन कर पाएंगे।

फीस कमेटी बिना बैलेंस शीट के फीस निर्धारण नहीं करेगा। इससे उनकी परेशानी बढ़ गई हैं। फीस कमेटी प्रोफेशनल कोर्स में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, विधि, आर्किटेक्चर, होटल मैनेजमेंट, नर्सिंग और मेडिकल के साथ एनसीटीई कोर्स संचालित करने वाले करीब 150 कॉलेजों की फीस निर्धारित करेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *