शहर में 10% तक प्रॉपर्टी महंगी करने की तैयारी
भोपाल
राजधानी में प्रस्तावित कलेक्टर गाइडलाइन 2022-23 में शहर में लगभग 10 फीसदी जमीनों के दाम बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि इस संबंध में आखिरी मोहर 15 फरवरी तक आयोजित उप जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में लगेगी।
पंजीयन विभाग के सब-रजिस्ट्रार लगातार सर्वे कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में रेट बढ़ाते हुए इन क्षेत्रों में 5 फीसदी तक बढ़ोत्तरी प्रस्तावित है। हालांकि ग्रामीण इलाकों में कृषि भूमि के रेट नहीं बढ़ाए जाएंगे। जिन स्थानों पर अवैध कॉलोनियों और आबादी बढ़ रही हैं, वहां पर ही दाम बढ़ाने की तैयारी है। इधर, होशंगाबाद रोड, कोलार रोड, रायसेन रोड, विदिशा रोड की कुछ कॉलोनियों में इस बार 10 प्रतिशत तक जमीनों के रेट बढ़ाए जा सकते हैं। कुछ प्रस्तावों पर सहमति नहीं बनने से पर समिति अध्यक्ष व एसडीएम हुजूर आकाश श्रीवास्तव ने दो सप्ताह बाद फिर से बैठक बुलाई है। शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में सैकड़ों अवैध कॉलोनियां बन चुकी हैं। यहां गाइडलाइन से अधिक कीमत पर जमीनों की खरीद-फरोख्त की जा रही है।
इसी को आधार पर बना कर अफसरों ने यह बढ़ोत्तरी प्रस्तावित की है। अब ऐसी कॉलोनियों में 5 फीसदी की बढ़ोत्तरी की जाएगी। राजधानी के नजदीक सिकंदराबाद, इमलिया, विदिशा रोड, चौपड़ा, मुगालिया छाप, सेवनिया ओमकारा, नीलबड़, बरखेड़ा नाथू, मुबारकपुर, कान्हासैया, अरहेड़ी, रतनपुर सड़क, नरेला हनुमंत, नर्मदा नगर, कोलार रोड में बढ़ोत्तरी प्रस्तावित की गई है।
