अब गांवों में शुरू होगी कोरोना संक्रमण रोकने की मुहिम

 लखनऊ 

पंचायत चुनाव खत्म होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अब गांवों में कोरोना संक्रमण रोकने की मुहिम शुरू कर दी है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के सभी 97 हजार राजस्व गांवों में कोविड टेस्टिंग का वृहद अभियान 4 मई से संचालित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर जरूरी सुविधाओं से युक्त कम से कम 10 बेड तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

रविवार को टीम 09 की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत मतगणना समाप्त होने के तत्काल बाद पांच दिवसीय प्रदेशव्यापी स्क्रीनिंग अभियान सभी ग्राम पंचायतों में टीम भेजकर संचालित कराया जाए। यह टीम ग्राम पंचायत में कम से कम तीन दिनों के लिए भेजी जाए तथा सभी व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जाए। इनके लिए मानदेय की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने कहा, कोविड संक्रमण से हमें गांवों को बचाना होगा। गांवों के प्रति विशेष सतर्कता की जरूरत है। जो पॉजिटिव पाए जाएं, उन्हें मेडिकल प्रोटोकॉल का मुताबिक उपचार दिया जाए। स्वास्थ्य विभाग इस वृहद टेस्टिंग ड्राइव के सफल क्रियान्वयन के लिए समुचित तैयारी पूरी कर ले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *