टोक्यो ओलंपिक मशाल रिले के कार्यक्रम में बदलाव

टोक्यो
 जापान में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण टोक्यो ओलंपिक मशाल रिले के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। कोरोना वायरस महामारी की वजह से पिछले साल ओलंपिक खेलों का आयोजन एक साल के लिए स्थगित करना पड़ा था, लेकिन मौजूदा हालातों को देखते हुए फिर से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस बार फिर से ओलंपिक खेल स्थगित या फिर रद हो सकते हैं, क्योंकि कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने तमाम देशों को परेशान किया हुआ है।

मशाल रिले को इस सप्ताह के अंत में दक्षिणी द्वीप ओकिनावा से गुजरना था। कोविड-19 मामलों के कारण रविवार को प्रांत के मियाकोजिमा से गुजरने वाली रिले को रद कर दिया गया। ओकिनावा द्वीप के अन्य चरण पहले की तरह जारी रहेंगे। मियाकोजिमा के एक शिक्षक ने कहा, 'हम नहीं चाहते कि द्वीप से बाहर का कोई यहां आए, यह इंसानों की जिंदगी का सवाल है।'

मशाल रिले छह सप्ताह पहले शुरू हुई थी, जिसमें लगभग 10000 धावकों को भाग लेना है। कोविड-19 प्रभावित ओसाका और मात्सुयामा शहर को छोड़कर इसका आयोजन लगभग तय कार्यक्रम के मुताबिक ही हुआ है। टोक्यो में इसके साथ ही छह दिवसीय तैराकी परीक्षण प्रतियोगिता में 46 देशों के 225 खिलाड़ी भाग ले रहे है। इसमें हालांकि प्रशंसको के आने की अनुमति नहीं होगी।

जापान की संवाद समिति क्योदो ने जापानी तैराकी महासंघ के हवाले से बताया कि मिस्त्र की टीम के कोच को जापान पहुंचने के बाद कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया है, जबकि अन्य सदस्य जांच में निगेटिव हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *